स्वदेश चोपड़ा जी की 11वीं पुण्यतिथि पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 120 मरीजों ने उठाया लाभ
Friday, Jul 10, 2026-10:03 AM (IST)
ग्वालियरः वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा जी की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर प्रयास हॉस्पिटल में निःशुल्क मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। कुल 120 मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएसपी महाराजपुर नागेंद्र सिंह सिकरवार, सेवानिवृत्त जॉइंट डीएफओ महावीर सहाय श्रीवास्तव तथा प्रयास हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. अवधेश तोमर सहित अन्य अतिथियों का पंजाब केसरी के संवाददाता अंकुर जैन द्वारा गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही संस्था की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. अवधेश तोमर (मेडिसिन विशेषज्ञ), डॉ. रविता तोमर, डॉ. निधि चौहान (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. अंकित तिवारी (बाल रोग विशेषज्ञ) ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रयास हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ एवं सहयोगी कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए संस्था की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पंजाब केसरी की न्यूज़ प्रोडूसर नाज़नीन, सहयोगी सचिन जैन, सुमित्रा फाउंडेशन के सचिव जन्मेजय सिंह तोमर सहित अस्पताल की पूरी टीम एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा जी की स्मृति को सेवा कार्यों के माध्यम से जीवंत रखना रहा।

