Punjab Kesari MP ads

मध्यप्रदेश में बिजली की तस्वीर बदल देगी गांधी सागर परियोजना! 10 साल का काम 3 साल में पूरा, CM मोहन यादव ने बताई खासियत

Wednesday, Nov 18, 2026-11:45 AM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश में बिजली उत्पादन और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में गांधी सागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस नई तकनीक के माध्यम से गांधी सागर जलाशय की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना के जरिए बिजली उत्पादन की क्षमता लगभग 20 गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य है। खास बात यह है कि एक ही जलराशि का इस्तेमाल बार-बार बिजली बनाने के लिए किया जा सकेगा, जिससे पानी की एक बूंद भी व्यर्थ नहीं जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधी सागर डैम के समीप आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट के दौरान परियोजना की विशेषताओं और इसके महत्व को लेकर अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने कहा कि दो जलाशयों के बीच पानी का आवागमन कर बिजली उत्पादन किया जाएगा। यह अभिनव प्रयोग न केवल मध्यप्रदेश की बिजली उपलब्धता को मजबूत करेगा, बल्कि देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है।

तीन साल में पूरा किया वर्षों का काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अपने आप में एक केस स्टडी साबित होगी। जिस काम को पूरा होने में सामान्य तौर पर करीब 10 साल लग सकते थे, उसे सरकार ने महज तीन साल में पूरा किया है। पहाड़ी पर विशाल जलाशय का निर्माण करना, जो आकार में छोटे सागर जैसा दिखाई देता है, अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत संकल्प शक्ति जरूरी होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, अधिकारियों और पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों से इस संकल्प को साकार किया गया है।

डेस्टिनेशन कैबिनेट से पर्यटन और विकास को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी सागर क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता और वन्य संपदा के लिहाज से बेहद समृद्ध है। यहां विकसित की जा रही टेंट सिटी से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। चीतों से लेकर विभिन्न वन्यजीवों और विलुप्तप्राय गिद्धों सहित अनेक प्रजातियों के पक्षियों की मौजूदगी इस क्षेत्र को खास बनाती है।

उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन कैबिनेट आयोजित करने का उद्देश्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की विशेषताओं को देश और दुनिया के सामने लाना है। इससे लोगों को परियोजनाओं की जानकारी मिलेगी और दूसरे राज्य भी मध्यप्रदेश के इस प्रयोग से सीख सकेंगे।

तीन साल पूरे होने से पहले सरकार का बड़ा प्रयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के गठन के करीब तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे समय में आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। जिस तरह रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने का प्रयास किया गया, उसी तरह डेस्टिनेशन कैबिनेट से प्रदेश के व्यापक भौगोलिक क्षेत्रों में विकास की नई ऊर्जा पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक में शामिल उपमुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि बैठक में लिए जाने वाले फैसलों से गांधी सागर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News