सीवरेज के गंदे पानी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन! कांग्रेस विधायक ने शुद्धिकरण कर साफ पानी में बहाया

9/21/2021 3:25:47 PM

इंदौर(सचिन बहरानी): कांग्रेसी विधायक संजय शुक्ला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल आज सुबह जवाहर टेकरी पर पहुंचे और वहां उन्होंने नगर निगम के द्वारा किए गए गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद के हालात देखें। वहां पर सीवरेज के गंदे सड़ांध मारते पानी में नगर निगम के द्वारा सारे शहर से एकत्र की गई गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया है। वहां पर इस पानी में से इतनी बदबू आ रही थी कि व्यक्ति का खड़ा रहना मुश्किल हो रहा था। आसपास के नागरिक भी कांग्रेस नेताओं को देखकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आसपास की बस्तियों का मल मूत्र का गंदा पानी इस स्थान पर आता है। इसके साथ ही इसके आसपास के क्षेत्र में निगम के अधिकारियों कर्मचारियों के द्वारा जमीन पर फेंक दी गई कई गणेश प्रतिमाएं भी खंडित हालत में मिली।

PunjabKesari

विधायक शुक्ला द्वारा बाकलीवाल के साथ पूरे क्षेत्र में जाकर हालात देखे गए। इस दौरान कांग्रेस नेता सर्वेश तिवारी और अन्य कांग्रेस जन भी मौजूद थे। कांग्रेसी नेताओं ने इस बात पर रोष व्यक्त किया है कि नगर निगम के द्वारा नागरिकों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया। प्रथम पूज्य देवता गणेश जी की प्रतिमाओं के साथ निगम के अधिकारियों ने जो व्यवहार किया है वह अक्षम्य है।

PunjabKesari

प्रतिमाओं के शुद्धिकरण और प्रायश्चित की पूजा
मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के द्वारा इस पूरी बदतर स्थिति को देखने के बाद तत्काल पंडित को बुलवाकर जवाहर टेकरी पर ही इन प्रतिमाओं के शुद्धिकरण तथा प्रतिमाओं के साथ अपमानजनक व्यवहार किए जाने के कारण प्रायश्चित की पूजा की गई। उन्होंने कहा कि हमारा शहर इंदौर प्रदेश की व्यापारिक राजधानी होने के साथ ही साथ आध्यात्मिक राजधानी भी है। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा आध्यात्मिक आयोजन इंदौर में ही किए जाते हैं।

PunjabKesari

यहां पर गणेश जी की प्रतिमाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना निश्चित तौर पर शर्मनाक है। ऐसे में हमें प्रायश्चित करना चाहिए। नगर निगम के अधिकारी तो अपनी चमड़ी बचाने में और अपने कमाने वाले मातहत अधिकारियों को बचाने में ही लगे रहेंगे। इन अधिकारियों का इस शहर से वास्ता इतना है कि वे यहां पर अपनी पदस्थापना के दौरान पैसा कमाना चाहते हैं। बाकी उन्हें इस शहर से कोई मतलब नहीं है। लेकिन यह शहर हमारा अपना शहर है और हमें अपने शहर में इस तरह की गलत और गद्दी व्यवस्था को मंजूर नहीं करना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News