BJP ने प्रज्ञा से बढ़ाई दूरी, नहीं होने दिया रोड शो में शामिल

5/18/2019 8:33:09 AM

भोपाल: साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर गोडसे को ‘देशभक्त’ बताने वाले बयान पर लगातार आलोचनाओं का शिकार हो रही है। अपने बड़बोलेपन की वजह से प्रज्ञा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। बीजेपी ने उन्हें जनता से दूर रखने का फैसला लिया है जिसके बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर उन्हें बुरहानपुर के रोड शो में शामिल नहीं किया। बता दें कि प्रज्ञा को पार्टी ने उनके बयान के लिए नोटिस जारी किया है और उन्हें 10 दिन के भीतर जवाब देना है।



जानकारी के अनुसार, प्रज्ञा शुक्रवार की सुबह खंडवा लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार नंदकुमार सिंह चौहान के पक्ष में रोड शो करने बुरहानपुर शहर पहुंचीं। चौहान के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव मुकाबले में हैं। प्रज्ञा रोड शो करतीं उससे पहले ही उन्हें इससे दूर रहने के लिए कहा गया। हालांकि उनके रोड शो में शामिल न होने पर सेहत का हवाला दिया गया। इतना ही नहीं भाजपा नेता ने यह भी कहा कि अगली बार प्रज्ञा ने यदि विवादित बयान दिया तो पार्टी उन्हें बाहर का रास्ता भी दिखा सकती है।



वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खरगोन में चुनावी यात्रा के दौरान एक टीवी चैनल से बातचीत में साध्वी की आलोचना की और इस बयान को भंयकर बताया। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया जाना महात्मा गांधी का अपमान है और वह इस टिप्पणी के लिए प्रज्ञा को मन से कभी माफ नहीं कर पाएंगे। 


 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR