ग्वालियर में हादसाः ट्रेन से कटकर युवक की मौत, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
Wednesday, Apr 08, 2026-09:52 AM (IST)
ग्वालियर (अंकुर): मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार को भीषण हादसा हुआ। जहां रेलवे स्टेशन पर एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक युवक परिजनों के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हुआ है। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जबलपुर के दुर्गा नगर निवासी अभिषेक चौधरी अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे थे। वे मंगलवार सुबह 10:45 बजे JBP SVDK एक्सप्रेस (11449) ट्रेन में सवार हुए थे। शाम करीब 4 बजे जब ट्रेन ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंच रही थी, तभी अभिषेक बाथरूम जाने के लिए ट्रेन से उतर गए। लेकिन ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ही उतरने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया और वे ट्रेन के नीचे आ गए। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक अभिषेक के वापस न आने पर परिवार के लोग उन्हें ढूंढने लगे। तब पता चला कि वे हादसे का शिकार हो गए हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी (रेलवे पुलिस) मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

