ग्वालियर: भारत जोड़ो यात्रा में फायरिंग, 1 घायल, मची अफरा-तफरी, नेता प्रतिपक्ष ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

11/9/2022 11:32:44 AM

ग्वालियर(अंकुर जैन): मंगलवार को भिंड जिले से ग्वालियर जिले के बॉर्डर पर पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान गोलीकांड से अफरा-तफरी मच गई। घटना में कांग्रेस कार्यकर्ता के हाथ में चोट लगी। इस घटना को लेकर पूर्व मंत्री व नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह राजपूत ने बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त होती नजर आई है।

दरअसल भारत जोड़ो यात्रा पूर्व मंत्री नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह की अगुवाई में ग्वालियर तक आई थी। जहां ग्वालियर के जिला अध्यक्ष डॉक्टर देवेंद्र शर्मा सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने यात्रा का स्वागत किया। इसी दौरान महाराजपुरा इलाके में स्थित लक्ष्मणगढ़ स्थित कांग्रेस कार्यकर्ता के निवास पर स्वागत सत्कार के दौरान जीतू गुर्जर नाम के युवक ने कट्टे से अवधेश उर्फ छोटू तोमर नाम के युवक पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि फायर मिस हो गया। फायर मिस होते ही छोटू तोमर ने जीतू गुर्जर से कट्टा छीनने का प्रयास किया। फायरिंग से छोटू के हाथ में चोट आई है। नेता प्रतिपक्ष और कई कांग्रेसी नेताओं के सामने हुई इस घटना को लेकर डॉक्टर गोविंद सिंह ने आईजी और एसपी को सूचना से अवगत कराया।


वही मीडिया से बात करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर और गृह मंत्री के गृह नगर में कानून व्यवस्था लड़खड़ा गई है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल गोलीकांड के मामले में थाना महाराजपुरा पुलिस ने छोटू तोमर की शिकायत पर जीतू गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना को विवेचना में ले लिया है।

आपको यह भी बता दें कि छोटू तोमर के पिता कांग्रेस पार्टी से पार्षद है जो पूर्व में बीजेपी में थे। वही छोटू तोमर पर ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में तड़ीपार की कार्रवाई की जा चुकी है। सूत्रों की माने तो जीतू गुर्जर और छोटू तोमर वर्तमान में कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और पुरानी रंजिश के चलते भारत जोड़ो यात्रा के दौरान घटना घटित हुई है।

meena

This news is Content Writer meena