12 साल की तपस्या के बाद जीवन में आया था उजाला, हादसे में दोनों जुड़वां भाई खत्म, भगवान किसी के साथ ऐसा न करे !
Tuesday, Oct 20, 2026-11:17 PM (IST)
(ग्वालियर): ग्वालियर मंदिर हादसे का दुख बहुत बड़ा है। इस दर्दनाक हादसे में ऐसे-ऐसे हाथ छूटे हैं जो कई सालो की मन्नत का फल थे। इस हादसे में कइयों को ऐसे जख्म मिले हैं जो ताउम्र भर नहीं सकते हैं। कुछ ऐसा ही सितंब गदाईपुरा में वक्त ने ढाया है । इस हादसे में त्यागी परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। मूल रूप से मुरैना के जौरा के रहने वाले 55 वर्षीय विद्याराम त्यागी ने 12 साल की तपस्या के बाद जुड़वा बेटों अमन और लव को पाया था। शनिवार रात दोनों बच्चे अपने चाचा अशोक त्यागी के साथ मन्नत मांगने शीतला माता मंदिर गए थे, लेकिन तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को कुचल दिया। रविवार देर शाम पैतृक गांव में चाचा और दोनों मासूम भतीजों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो पूरे गांव में मातम पसर गया और हर आंख नम हो गई।
वैसे तो ग्वालियर के आंतरी स्थित सांतऊ गांव का प्राचीन शीतला माता मंदिर उस खौफनाक रात के बाद अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है लेकिन कुछ जख्म ऐसे है जो कभी नहीं भर सकते हैं। हालांकि, भीड़ आम दिनों के मुकाबले थोड़ी कम है। गौरतलब है कि शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक बेलगाम और ओवरलोड ट्रक ने नो-एंट्री तोड़कर मंदिर परिसर में कहर बरपाया था, जिसमें बच्चों सहित 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 42 लोग घायल हो गए।
12 साल की मन्नतों से जन्मे थे जुडवां अमन और लव
इस त्रासदी ने कई हंसते-खेलते परिवारों को बेहद दुखद जख्म दिए है। सबसे ज्यादा झकझोर देने वाली कहानी ग्वालियर के गदाईपुरा की है। 55 वर्षीय विद्याराम त्यागी ने कड़ी तपस्या और मेहनत के बाद जुड़वा बेटों अमन और लव को पाया था। अभागी रात को दोनों चाचा अशोक त्यागी के साथ मन्नत मांगने मंदिर गए थे, लेकिन काल बनकर आए ट्रक ने तीनों को कुचल दिया और परिवार के चिराग हमेशा के लिए दूर हो गए।

