ASI, डॉक्टर-साध्वी समेत 50 महिलाओं के अश्लील VIDEO: सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद करता था गुप्त रिकॉर्डिंग
Monday, Oct 05, 2026-06:18 PM (IST)
ग्वालियर। (अंकुर जैन): सोशल मीडिया पर अनजान महिलाओं से दोस्ती कर उन्हें वीडियो कॉल के जरिए अपने जाल में फंसाने के आरोप में ग्वालियर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से 50 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इन वीडियो में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के अलग-अलग शहरों की महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सिटी सेंटर क्षेत्र के सारिका नगर निवासी 40 वर्षीय योगेश गुप्ता के रूप में हुई है। वह पानी का प्लांट संचालित करता है। प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल की जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था और धीरे-धीरे उनसे व्यक्तिगत बातचीत बढ़ाता था।
वीडियो कॉल को बनाया रिकॉर्डिंग का जरिया
जांच में यह आरोप सामने आया है कि आरोपी महिलाओं के साथ वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन रिकॉर्डिंग एप का इस्तेमाल करता था। इसके अलावा कुछ रिकॉर्डिंग के लिए स्पाई कैमरे के इस्तेमाल की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल केवल संग्रह करने के लिए किया गया या बाद में किसी महिला को धमकाने, दबाव बनाने अथवा आर्थिक लाभ लेने का प्रयास भी किया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी खास तौर पर 40 से 50 वर्ष की विधवा, तलाकशुदा और अविवाहित महिलाओं से संपर्क बनाता था। पुलिस जांच में एक एएसआई, डॉक्टर और साध्वी के भी उसके संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इन महिलाओं से संबंधित किसी भी आरोप की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कार्यकर्ताओं की सूचना के बाद पकड़ा गया
मामला उस समय सामने आया जब एक महिला ने सनातन सेना से जुड़े कार्यकर्ताओं को आरोपी की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला और सदस्य मुकेश शर्मा समेत कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोपी को बातचीत के बहाने बुलाया। उसके मोबाइल की जांच के दौरान संदिग्ध वीडियो मिलने के बाद उसे विश्वविद्यालय थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मोबाइल और लैपटॉप की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन में कई वीडियो मिलने के अलावा एक ऐसा वीडियो भी मिला है, जिसमें वह एक महिला के साथ वीडियो शूट करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मोबाइल फोन और लैपटॉप में मौजूद डिजिटल डेटा को जांच के दायरे में लिया है।
जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वीडियो रिकॉर्ड किए जाने के बाद उन्हें किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किया गया था या नहीं। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्क नंबर और डिजिटल गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
संपर्क में आई महिलाओं से पुलिस करेगी बातचीत
पुलिस को मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर संबंधित महिलाओं से संपर्क किया जा रहा है, ताकि पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके। जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि कहीं आरोपी ने रिकॉर्ड किए गए वीडियो के आधार पर किसी महिला को धमकी दी या ब्लैकमेल तो नहीं किया।
उत्तरप्रदेश के झांसी की एक महिला ने पुलिस को शिकायत देने की सहमति जताई है। उसके ग्वालियर पहुंचने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
सीएसपी रवि भदौरिया के मुताबिक, सनातन सेना की सूचना के बाद युवक को पकड़ा गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मोबाइल तथा अन्य डिजिटल सामग्री की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

