Punjab Kesari MP ads

हरदा में कमल पटेल के जन्मदिन पर लगा बड़ा स्वास्थ्य शिविर, 75 डॉक्टरों ने संभाला मोर्चा; कैंसर जांच भी मुफ्त

Wednesday, Oct 07, 2026-05:52 PM (IST)

हरदा (राकेश खरका): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत हरदा जिला अस्पताल में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस शिविर में अरविंदो मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है। खास बात यह है कि पहली बार विशेष मेडिकल वैन के माध्यम से कैंसर की जांच भी पूरी तरह नि:शुल्क की जा रही है। शिविर में करीब 75 डॉक्टरों की टीम अपनी सेवाएं दे रही है।

हरदा जिला अस्पताल में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच कराने पहुंच रहे हैं। शिविर में विभिन्न प्रकार की चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञों से परामर्श की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। अरविंदो मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के चिकित्सकों की देखरेख में आयोजित इस शिविर में करीब 75 डॉक्टरों की टीम सेवाएं दे रही है।

PunjabKesariशिविर की खासियत कैंसर स्क्रीनिंग के लिए पहुंची विशेष मेडिकल वैन है, जहां लोगों की कैंसर संबंधी जांच नि:शुल्क की जा रही है। इस आयोजन को सेवा संकल्प अभियान से जोड़ते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसी संकल्प के साथ हरदा में भी विकास और जनसेवा के कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरदा को प्रदेश का अग्रणी और विकसित जिला बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

कमल पटेल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालय स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज से सेवा ज्योति अभियान की यात्रा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और निरंतर सेवा की भावना से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ता और आम जनता भी सेवा कार्यों में जुटी हुई है। वहीं, डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि पूर्व मंत्री कमल पटेल के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस शिविर में करीब 75 चिकित्सक उपलब्ध हैं और विभिन्न स्वास्थ्य जांच पूरी तरह नि:शुल्क की जा रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News