​​​​​​​नकली नोट छापने के आरोप में हॉकी खिलाड़ी अरेस्ट, बोला- चुनाव से पहले मिला था 3 करोड़ का ऑर्डर

10/15/2018 4:04:05 PM

राजगढ़: बीते दिनो राजगढ़ में नकली करंसी छापने के आरोप में पकड़े गए राज्य स्तरीय पूर्व हॉकी खिलाड़ी ने पुलिस पूछताछ में सनीखेज खुलासा किया है। आरोपी खिलाड़ी ने बताया कि भोपाल के एक शख्स ने उसे राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले तीन करोड़ रुपए की नकली करंसी छापने का ऑर्डर दिया था।

राजगढ़ की एसपी सिमला प्रसाद ने बताया कि, पुलिस ने भोपाल निवासी 42 साल के आफताब अली उर्फ मुश्ताक खान को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी 9 अक्टूबर को राजगढ़ जिले से गिरफ्तार किए गए पांच लोगों से पूछताछ के बाद की गई। जांच के दौरान इन आरोपियों के पास से 31.50 लाख रुपए की नकली करंसी बरामद हुई थी। ये करंसी 2000 और 500 के नोटों की थी। यही नहीं ये लोग करीब 40 लाख के नकली नोट बाजार में खपा भी चुके थे।



मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था और इनके ठिकाने से नकली नोट बनाने में उपयोग किए गए लैपटॉप, प्रिंटर, कागज के अलावा एक पिस्टल और कार भी जब्त की है। ये आरोपी होशंगाबाद के बाबई में नकली नोट छापते थे।



एसपी के मुताबिक पूछताछ के दौरान राजगढ़ से गिरफ्तार सभी आरोपियों ने गैंग के मुखिया के तौर पर आफताब का नाम बताया था। ये गैंग मध्य प्रदेश में नकली नोट छापकर उनका प्रसार भी कर रहा था। आफताब राज्यस्तरीय हॉकी खिलाड़ी रह चुका है। उसने सात बार मध्य प्रदेश का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। पुलिस के मुताबिक आफताब किसी शरारती तत्व से नोट छापने का ऑर्डर लिया करता था।

Prashar

This news is Prashar