बच्चों के दिल की बीमारी के मुफ्त इलाज के लिए शहर में बनेगा अस्पताल

9/14/2018 11:11:51 AM

इंदौर : बच्चों के दिल की बीमारी के इलाज के लिए सत्य साईं ट्रस्ट शहर में बड़ा अस्पताल बनाएगा। बेंगलुरू, रायपुर के अस्पताल की तरह इसमें भी मरीजों का निशुल्क उपचार होगा। ट्रस्ट के पदाधिकारी रमेश बाहेती ने विदेश से इसकी पुष्टि की है। अस्पताल के लिए ट्रस्ट ने जिला प्रशासन से लगभग 10 एकड़ जमीन मांगी है। जानकारी के अनुसार प्रशासन ने नैनोद में जमीन देना प्रस्तावित किया है, लेकिन अब तक फैसला नहीं हो पाया है। यदि इंदौर में ट्रस्ट अस्पताल खोलता है, तो दिल की बीमारी से जूझ रहे बच्चों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। अभी बच्चों के दिल के ऑपरेशन के लिए दो से ढाई लाख रुपए का खर्च आता है।
नया रायपुर में नहीं है कैश काउंटर 
नया रायपुर में 2012 में श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल ट्रस्ट संचालित करता है। इस अस्पताल की बिल्डिंग को दिल के आकार का बनाया गया है। यहां दिल की बीमारी से जूझ रहे गरीब परिवार के बच्चों का मुफ्त इलाज किया जाता है। इस अस्पताल में कैश काउंटर तक नहीं है। अस्पताल एक एकड़ में फैला है। यहां मरीज के साथ आए परिजन के खाने और रहने की भी मुफ्त व्यवस्था होती है। समाज सेवा के लिए इस हॉस्पिटल को 2016 में बेस्ट सिंगल स्पेशिलिटी अवॉर्ड दिया जा चुका है।

 

suman

This news is suman