इंदौर में IIFA अवार्ड की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, सलमान, रितेश, मनीष पॉल और सुनील ग्रोवर करेंगे इवेंट होस्ट

3/5/2020 6:10:24 PM

इंदौर (गौरव कंछल): मध्य प्रदेश के इंदौर में  आयोजित होने वाले आईफा अवार्ड की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इस आयोजन के लिए नॉमिनेशंस की घोषणा कर दी गई है। साथ ही उन कलाकारों का चयन भी हो गया है जो इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मध्य प्रदेश में पहली बार हो रहे सिनेमाई चकाचौंध से भरे इस कार्यक्रम के लिए अनेक फिल्मी हस्तियों ने उत्साह जताया है।

प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता शाहरुख खान ने कहा है कि उन्हें हिन्दुस्तान के दिल मध्य प्रदेश में भारतीय सिनेमा के इस महोत्सव में भाग लेने और योगदान देने की खुशी है। वहीं गत दिवस मुंबई में प्रसिद्ध सिने अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने ग्वालियर के मूल निवासी अभिनेता कार्तिक आर्यन से जानना चाहा कि क्या वे इंदौर में उन्हें अपने घर का बना खाना खिलाएंगे?

मुंबई में 4 मार्च को आईफा अवॉर्ड्स 2020 की एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। इस इवेंट में कैटरीना कैफ, कार्तिक आर्यन, दीया मिर्जा और मध्य प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर मुख्य सचिव श्री सुधि रंजन मोहंती भी शामिल हुए। 21 वे आइफा अवॉर्ड्स, 21 मार्च को भोपाल एवं 27-29 मार्च को इंदौर में होने जा रहे हैं। यहां 11 कैटेगरी में अवार्ड वितरित किए जाएंगे। इस पूरे इवेंट को सलमान खान, रितेश देशमुख, मनीष पॉल और सुनील ग्रोवर मिलकर होस्ट करेंगे।

शाहरुख, रितिक, जैकलिन,करीना और कैटरीना देंगे परफॉर्मेंस आईफा अवॉर्ड सेरेमनी में शाहरुख खान, रितिक रोशन, करीना कपूर खान, जैकलीन फर्नांडिस, कार्तिक आर्यन और कैटरीना कैफ परफॉर्मेंस देंगे। इस अवार्ड का हिस्सा बनने के इच्छुक लोग 6 मार्च से बुक माय शो के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं। ग्वालियर में जन्मे कार्तिक आर्यन ने भी इस बार के आईफा अवार्ड्स के लिए उत्साह के साथ कहा कि, उन्हें यह अवॉर्ड फंक्शन बहुत खास है क्योंकि यह उनके गृह राज्य मध्यप्रदेश में आयोजित किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव श्री एस आर मोहंती ने कहा कि वे आईफा और श्री सलमान खान के आभारी हैं कि वे  मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के अनुरोध का सम्मान करते हुए आईफा को भारत के दिल में लाने के लिए तैयार हुए। यह निश्चित रूप से ही मध्य प्रदेश की न केवल आर्थिक रूप से बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी वृद्धि करेगा और एक नई पहचान दिलाएगा।

14 नॉमिनेशंस के साथ गली ब्वॉय नंबर वन
आइफा 2020 में सबसे ज्यादा 14 नॉमिनेशंस गली ब्वॉय फिल्म को मिले हैं ।इसके अतिरिक्त कबीर सिंह को 8 तथा आर्टिकल 15 को कोई साथ नॉमिनेशंस मिले हैं। बेस्ट फिल्म के लिए आर्टिकल 15, गली ब्वॉय, कबीर सिंह ,केसरी, उरी द सर्जिकल स्ट्राइक को नॉमिनेट किया गया है।  बेस्ट एक्टर इन लीडिंग रोल- फीमेल केटेगरी में बदला फिल्म के लिए ताप्सी पन्नू, गुड न्यूज़ के लिए करीना कपूर, गली ब्वॉय के लिए आलिया भट्ट, मिशन मंगल के लिए विद्या बालन तथा द स्काय इज पिंक के लिए प्रियंका चोपड़ा को नॉमिनेट किया गया है।

इसी प्रकार बेस्ट एक्टर इन लीडिंग रोल- कैटेगरी में आर्टिकल 15 के लिए आयुष्मान खुराना, गली ब्वॉय के लिए रणवीर सिंह, कबीर सिंह के लिए शाहिद कपूर, सुपर 30 के लिए ऋतिक रोशन तथा उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के लिए विकी कौशल को नॉमिनेट किया गया है। बेस्ट डायरेक्टर कैटेगरी में आर्टिकल 15 के लिए अनुभव सिन्हा, बदला के लिए सुजॉय घोष, गली ब्वॉय के लिए जोया अख्तर, कबीर सिंह के लिए संदीप रेड्डी वांगा तथा उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के लिए आदित्य धर को नॉमिनेट किया गया है।

इंदौर में भी प्रशासनिक स्तर पर आयोजन की तैयारियां जोरों से प्रारंभ हो गई हैं। शासन द्वारा इंदौर में संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। श्री त्रिपाठी ने इंदौर में प्रमुख अधिकारियों की एक क्रियान्वयन समिति का गठन किया है। उन्हें उनके विभागों के अनुरूप दायित्वों का आवंटन किया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल डेली कॉलेज और उसके इर्द-गिर्द आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रहीं हैं।  यातायात पुलिस द्वारा आयोजन स्थल पहुँचने तक का रूट प्लान और पार्किंग की प्लानिंग कर ली गई है। वहीं विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh