BJP की बड़ी अंतर्कलह आई सामने, मेयर निवास में हुई बैठक में फातिमा ने रुक्मिणी को मारे थप्पड़

1/31/2019 12:55:16 PM

भोपाल: बीजेपी में विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद मचा घमासान अब खुल कर सामने आने लगा है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर महापौर आलोक शर्मा के निवास पर हुई बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर गाली-गलौज के साथ हाथापाई हुई। उत्तर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रहीं फातिमा सिद्दीकी ने हार का गुबार निकालते हुए अग्रसेन मंडल अध्यक्ष रुक्मिणी मालवीय को थप्पड़ मार दिया। बैठक के दौरान मचे इस हंगामे के दौरान जब फातिमा और रुक्मिणी के बीच विवाद चल रहा था तो फातिमा के पति भी इसमें शामिल हो गए और बीच-बचाव कर रहे कार्यकर्ताओं को चाकू निकालकर डराने लगे।




इस घमासान के बाद फातिमा के पति ने जिले के नेताओं के साथ बैठक में मौजूद लोगों को भी अपशब्द कहे। विवाद इतना गहरा हो गया कि पूर्व विधायक व लोकसभा सीट के चुनाव प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, पूर्व संगठन मंत्री सुरेश आर्य और महापौर शर्मा को इस झगड़ को शांत कराने के लिए बीच बचाव भी करना पड़ा। इसी बीच महापौर ने कहा कि आपसी मनमुटाव होते रहते हैं, लेकिन दोनों पक्षों को समझा लिया गया है।  



लोकसभा चुनावों के लिए की जा रही यह बैठक शाम सात बजे शुरू हुई थी। बैठक में सांसद आलोक संजर, जिलाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक सैनी समेत तमाम कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहे। 

फातिमा और रुक्मिणी के बीच हुई यह बात

  • रुक्मिणी की तरफ देखकर फातिमा ने कहा- मुझे क्यों घूर-घूर कर देख रही है।  
  • रुक्मिणी का जवाब- तुझे क्यों देखूंगी। 
  • फातिमा - तुमने तो चुनाव के दौरान पार्टी के नाम पर हाथ का पंजा दिखाया था। मेरे खिलाफ काम किया था। इसके बाद फातिमा जिले के नेताओं की तरफ देखते हुए बोलीं की इन्हें (रुक्मिणी) पार्टी से बाहर निकाला जाए। 
  • रुक्मिणी बोलीं- चार दिन हुए हैं पार्टी में आए, किसको बाहर करना है, किसको अंदर यह आप तय करोगी, अपना काम करो। 
  • फातिमा- मैं जानती हूं किसने मेरे लिए काम किया। महापौर की तरफ देखते हुए उन्होंने कहा, सब कांग्रेस को जिताना चाहते थे। 
  • इसके बाद फातिमा खड़ी हुई और रुक्मिणी के पास जाकर उसे थप्पड़ जड़ दिए। 
  • इसके बाद फातिमा ने महापौर की तरफ देखते हुए कहा कि पहले आरिफ बेग और अब हमें हराया। सब कांग्रेस के लिए काम कर रहे थे। पार्टी में क्या कोई सुनने वाला नहीं है। इस बयान के बाद अपशब्द का दौर शुरू हुआ और जमकर धक्का मुक्की हुई। 

Vikas kumar

This news is Vikas kumar