नशा तो नशा है...'' अपनी ही सरकार पर बरसे BJP के वरिष्ठ नेता, पुलिस पर भी उठाए सवाल
Thursday, Oct 08, 2026-07:30 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी ): इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर मामला गरमाता जा रहा है। क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन और पार्षद मनोज मिश्रा ने पुलिस प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की है।
दोनों नेताओं ने डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सत्यनारायण सत्तन ने नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि नशा तो नशा है और इस पर नियंत्रण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज की दृष्टि से पुलिस इस मामले में फेल साबित हो रही है।
सत्तन ने सरकार की शराब नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार खुद शराब बेचेगी, तो अवैध कारोबार करने वालों को भी प्रोत्साहन मिलने की स्थिति बन सकती है। उन्होंने नशे के खिलाफ आवाज उठाने को अपना सामाजिक और नैतिक दायित्व बताया।
वहीं भाजपा पार्षद मनोज मिश्रा ने आरोप लगाया कि पुलिस शिकायत मिलने के बाद छोटे आरोपियों पर कार्रवाई करती है, लेकिन बड़े नशा कारोबारियों और सप्लायरों तक कार्रवाई नहीं पहुंच रही है।ज्ञापन में कंडीलपुरा, पीलिया खाल, कड़ाबीन, शंकरगंज और रामगंज जैसे इलाकों का उल्लेख करते हुए वहां नशे की अवैध बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई है।
मनोज मिश्रा ने क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के चुनाव के दौरान किए गए 'नशा मुक्त विधानसभा क्षेत्र-1' के वादे का भी हवाला दिया और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
वहीं डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल को नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस की ओर से बताया गया कि अभियान के तहत संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और अवैध नशे के कारोबार में शामिल मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।

