बापू को भूल रहा MP ? महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर भी लटका रहा राजघाट पर ताला

1/30/2019 1:29:02 PM

बड़वानी: आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है लेकिन उनके नाम पर राजनीति करने वाली पार्टियां ही उन्हें भूल जाती हैं। जिला मुख्यालय के पास कुकरा बसाहट के पास राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्मारक स्थल पर सुबह 10:30 बजे तक परिसर के ताले भी नहीं खुले। भाजपा, कांग्रेस सहित बापू के स्मारक को हमेशा मुद्दा बनाने वाले नर्मदा बचाओ आंदोलन से जुड़ा कोई भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी बापू के स्मारक स्थल पर नहीं पहुंचा। 

बड़वानी में नर्मदा तट पर राजघाट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पवित्र भस्मकलश युक्त स्मारक 12 फरवरी 1965 को बनवाया गया था। यहां पर दर्शन करने हजारों लोग राजघाट पहुंचते हैं। सरदार सरोवर परियोजना के डूब प्रभावित क्षेत्र में आने की वजह से बीजेपी शासन में 27 जुलाई 2017 को बापू के स्मारक को कुकरा बसाहट में विस्थापित कर दिया गया था।



बता दें कि वर्ष 2017 में 28 जुलाई को कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और बाला बच्चन समेत प्रदेशभर के कांग्रेस के 28 विधायक बड़वानी पहुंचे थे। इस दौरान यादव ने अस्थि कलश विस्थापन की प्रक्रिया को देश के हर व्यक्ति का अपमान बताते हुए भारी विरोध प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही अरुण यादव ने भव्य स्मारक स्थल बनाए जाने की मांग रखी थी। नर्मदा बचाओ आंदोलन के द्वारा भी स्मारक को विस्थापित करने का पुरजोर विरोध किया था। 


 

महात्मा गांधी स्मारक से जुड़ीं खास बातें

  • स्मारक की स्थापना के संयोजक प्रसिद्ध गांधीवादी काशीनाथ त्रिवेदी थे।
  • स्मारक का संकल्प 12 फरवरी 1964 को लिया गया।
  • निर्माण की शुरुआत 14 जनवरी 1965 को हुई।
  • पवित्र भस्म कलश की स्थापना 30 जनवरी 1965 को की गई।
  • उद्घाटन 12 फरवरी 1965 को किया गया था।
  • 27 जुलाई 2017 को स्मारक राजघाट से कुकरा बसाहट में विस्थापित।
  • 2 अक्टूबर 2017 को नवीन स्मारक का लोकार्पण किया गया।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar