इटारसी के विवेक ने टोक्यो ओलंपिक में किया कमाल, CM शिवराज बोले- हमें आप पर गर्व है

7/30/2021 5:04:43 PM

भोपाल: CM शिवराज ने जापान में चल रहे टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने के लिए भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद ने अर्जेंटीना के खिलाफ मैच में अहम गोल किया। यह गर्व की बात है। आपको बता दे कि भारत ने गुरुवार को हॉकी के मुकाबले में अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस मैच में दोनों टीमों का स्कोर 1-1 की बराबरी पर था। लेकिन 58 वें मिनट में विवेक के गोल ने भारत को मैच में जरुरी बढ़त दिला दी और खेल को पलट दिया। वहीं CM शिवराज के अलावा प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी विवेक को बधाई दी है।  



सीएम शिवराज ने कहा है कि ‘यह देश खासकर मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश के विवेक सागर प्रसाद द्वारा बनाए गए गोल से भारतीय हॉकी टीम का क्वार्टर फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित हुआ’ भारतीय हॉकी टीम का मिडफील्डर विवेक MP के होशंगाबाद जिले की इटारसी तहसील के शिवनगर चंदन गांव का रहने वाला है।



वहीं विवेक के पिता का कहना है कि ‘जिस क्षण विवेक ने गोल किया, पूरे परिवार की आंखों में खुशी के आंसू थे’ बेटे की इस उपलब्धि पर विवेक की मां कमला देवी ने कहा है कि ‘विवेक हमेशा मैच खेलने से पहले एक वीडियो कॉल कर आशीर्वाद लेता है। गुरूवार को उसने 3.30 बजे फोन किया था और हमें बताया कि वह गोल करके की लौटेगा’

Vikas Tiwari

This news is Content Writer Vikas Tiwari