MP में धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान! जनापाव बनेगा प्रमुख तीर्थस्थल, CM मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान
Friday, Sep 04, 2026-01:18 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर के पास स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले जानापाव को प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं, महाकाल लोक के बाद उज्जैन में बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों के विकास पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है, जिससे पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
तीर्थस्थल बनेगा जनापाव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। साथ ही, आज कुशाभाऊ ठाकरे जी की जयंती भी है। आज मैं जानापाव जा रहा हूं, जहां महर्षि परशुराम जी ने भगवान श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र प्रदान किया था। इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए जानापाव को प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
देवस्थानों पर विशेष ध्यान
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि देवस्थानों के विकास से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। श्री महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन सहित पूरे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के प्रति एक नया वातावरण बना है। वर्ष 2022 तक जहां उज्जैन में लगभग 60-70 लाख श्रद्धालु एवं पर्यटक आते थे, वहीं आज यह संख्या करोड़ों में पहुंच गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी विकास किया जा रहा है। ताकि, वहां श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या बढ़े, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों और इन क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो।

