प्रभारी कलेक्टर से भिड़े जीतू पटवारी, शराब पीने का ऑफर देकर बोले- बोतल मेरी गाड़ी में है!
Sunday, Oct 25, 2026-05:53 PM (IST)
देवास। (एहतेशाम कुरेशी) मध्य प्रदेश के देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में कई लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। मामले में मौतों का आंकड़ा 13 बताया जा रहा है, हालांकि इन सभी मौतों की वजह जहरीली शराब होना अभी जांच का विषय है। शनिवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के साथ प्रभावित गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। इसके बाद पटवारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
मेरी गाड़ी में शराब की बोतल है, आपको पिला दूं'
अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान जीतू पटवारी ने शराब को लेकर सामने आए दावों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने प्रभारी कलेक्टर दलीप कुमार और अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी से सवाल करते हुए कहा कि उनके पास शराब की बोतल मौजूद है, जिसे जांच के लिए लाया गया है। इसी संदर्भ में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या वह बोतल अधिकारियों को पिला दें।
पटवारी ने आरोप लगाया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिस तरह की कार्रवाई होनी चाहिए, वह नजर नहीं आ रही है। उन्होंने प्रशासन पर घटना को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी उठाई।
अधिकारियों को निलंबित करने की मांग, धरने की चेतावनी
कांग्रेस अध्यक्ष ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि लापरवाही या मामले को छिपाने की कोशिश सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की और प्रशासनिक स्तर पर मिलीभगत होने के आरोप भी लगाए।
पटवारी ने चेतावनी दी कि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। उन्होंने दो दिन बाद धरने पर बैठने की बात कही। इस घटनाक्रम के बाद देवास में संदिग्ध मौतों का मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है।
शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने का परिजनों का दावा
जानकारी के अनुसार, चंदाना और बिंजाना गांवों में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच 10 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। इसके अलावा, पूरे मामले में मृतकों की संख्या 13 बताई जा रही है। मृतकों के परिवारों का दावा है कि शराब पीने के बाद लोगों की हालत बिगड़ी थी। कुछ लोगों को उल्टियां होने और कुछ की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात भी कही गई है।
हालांकि, इन मौतों के पीछे जहरीली शराब ही कारण है या कोई अन्य वजह, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल परिजनों के आरोपों और मौतों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच जरूरी मानी जा रही है।
उज्जैन संभागायुक्त ने बनाई पांच सदस्यीय जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन संभागायुक्त ने देर रात पांच सदस्यीय जांच दल गठित किया है। टीम का उद्देश्य घटनाक्रम की पड़ताल करना और मौतों से जुड़े तथ्यों की जांच करना है।अब जांच दल की रिपोर्ट पर नजर रहेगी। जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि मृतकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, शराब की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों में कितनी सच्चाई है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार है।
देवास के इन गांवों में हुई मौतों ने प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। एक ओर परिजन न्याय और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ऐसे में जांच की निष्पक्षता और उसके निष्कर्ष इस पूरे मामले में निर्णायक होंगे।

