Punjab Kesari MP ads

मंच से थानेदार को हड़काते दिखे जीतू पटवारी, बोले—“गरीबों पर अत्याचार किया तो 3 साल बाद सिखाएंगे सबक”

Friday, Apr 10, 2026-08:09 AM (IST)

छतरपुर ( राजेश चौरसिया ): छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा क्षेत्र में आयोजित संत रविदास महाराज मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान एक सियासी बयान चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे मंच से ही बमनौरा थाना प्रभारी शिशिर तिवारी को हड़काते नजर आ रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान पटवारी ने मंच से ही थाना प्रभारी से सवाल किया कि वे किस थाने में पदस्थ हैं। जवाब मिलने पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी भी प्रकार से बीजेपी प्रशासन के दबाव में आकर गरीबों पर अत्याचार किया गया, तो आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि “याद रखना, यही गरीब 3 साल बाद ऐसा सबक सिखाएंगे कि याद रखोगे।” पटवारी का यह बयान वहां मौजूद लोगों के बीच तेजी से चर्चा में आ गया। उन्होंने अपने संबोधन के अंत में “भारत माता की जय” का नारा भी लगाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कांग्रेस समर्थक इसे गरीबों के हक की आवाज बता रहे हैं, वहीं विरोधी दल इसे प्रशासनिक व्यवस्था में हस्तक्षेप करार दे रहे हैं। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन चुनावी माहौल के बीच इस तरह के बयानों ने सियासी पारा जरूर बढ़ा दिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News