हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे से कमलनाथ सरकार के छूटे पसीने, अनूपपुर विधायक की गुमशुदगी की दर्ज कराई रिपोर्ट
3/6/2020 9:48:41 AM
भोपाल: मध्य प्रदेश में कांग्रेस के विधायक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफा के बाद कमलनाथ सरकार की मुश्किलें बढ़ गई है। इसके बाद कमलनाथ सरकार ने सतर्कता बरतते हुऐ विधायक बिसाहूलाल जो पिछले तीन-चार दिन से गायब है की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने बिसाहू लाल सिंह को कर्नाटक भेज दिया है।
बिसाहू लाल अनूपपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। उनके बेटे तेजभान ने टीटी नगर में पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बिसाहू लाल 2 मार्च की शाम को 5 बजे रायपुर के लिए निकले थे, वे अब तक रायपुर नहीं पहुंचे हैं। करीबी रिश्तेदारों से पता किया, मगर कुछ पता नहीं चला। उनका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
बता दें कि मंगलवार रात को राज्य के 10 विधायक गायब हो गए थे। कांग्रेस ने इन विधायकों को बंधक बनाने का आरोप भाजपा पर लगाया था। हालांकि कमलनाथ के दो मंत्री छह विधायकों को वापस भोपाल ले आए थे। लेकिन चार विधायक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।