घायल तेंदुए का रेस्क्यू कर लाया गया कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय, जारी है उपचार
Sunday, Apr 04, 2021-10:15 AM (IST)

इंदौर (गौरव कंछल): कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में लगातार रेस्क्यू कर जानवरों को लाया जाता रहा है। वहीं घायल जानवरों का इलाज भी प्राणी संग्रहालय में संग्रहालय प्रबंधन द्वारा किया जाता है। वर्तमान में मंदसौर के नारायण ब्लॉक के रिछा गांव से एक मादा तेंदुए को रेस्क्यू कर उपचार के लिए कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में लाया गया है।
कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय के प्रभारी डॉ उत्तम यादव के अनुसार वन विभाग की टीम द्वारा बीती रात एक मादा तेंदुए को उपचार के लिए प्राणी संग्रहालय में लाया गया है। यह मादा तेंदुए की उम्र लगभग 13 से 14 वर्ष है। काफी वृद्ध होने के कारण इस मादा तेंदुए द्वारा शिकार नहीं किया जाता रहा था। जिसके कारण इसकी हालत बिगड़ गई थी। भूखा होने के कारण लगातार इसकी हालत में गिरावट आ रही थी। प्राणी संग्रहालय में पहुंचने के बाद जब इसे खाना दिया गया, और इसका उपचार किया गया तो इसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। हालांकि एक सामान्य तेंदुए की उम्र लगभग 15 वर्ष के आस पास होती है। इसी के चलते इस मादा तेंदुए की उम्र का यह अंतिम पड़ाव नजर आ रहा है। प्राणी संग्रहालय के प्रभारी डॉ उत्तम यादव के अनुसार इस तेंदुए को जंगल में छोड़ने का फैसला आने वाले दिनों में विभाग द्वारा दिया जाएगा। परंतु वर्तमान स्थिति के आधार पर इसे अभी जंगल में नहीं छोड़ा जा सकता है।