Punjab Kesari MP ads

खोए मोबाइल पाकर खिले चेहरे: खंडवा पुलिस ने 22 लाख के 152 गुम मोबाइल लौटाए, एसपी अगम जैन ने कंट्रोल रूम में सौंपे

Tuesday, May 19, 2026-02:37 PM (IST)

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : “पुलिस ने उम्मीद जगा दी”  मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जब लोगों को उनके महीनों से गुम हुए मोबाइल वापस मिले तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खंडवा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 22 लाख रुपये कीमत के 152 गुम मोबाइल फोन ढूंढकर उनके असली मालिकों को लौटाए। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने खुद कंट्रोल रूम में लोगों को मोबाइल सौंपे।

एसपी अगम जैन ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुमने की शिकायतें लगातार आ रही थीं। इस पर साइबर सेल को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। टीम ने IMEI नंबर के आधार पर ट्रेसिंग शुरू की। तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान से भी मोबाइल रिकवर किए गए। कई मोबाइल तो ऑनलाइन बेचे जा चुके थे, जिन्हें पुलिस ने खरीदारों से संपर्क कर वापस मंगवाया।

PunjabKesari

कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में 152 लोगों को उनके मोबाइल लौटाए गए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। इनमें एप्पल, सैमसंग, वनप्लस, वीवो और ओप्पो जैसे महंगे ब्रांड के फोन शामिल थे।

अपना फोन वापस पाकर जावर की शेरा बाई की आंखें भर आईं। उन्होंने कहा, “6 महीने पहले बस में मेरा मोबाइल चोरी हो गया था। उम्मीद छोड़ दी थी। आज जब एसपी सर ने फोन लौटाया तो यकीन नहीं हुआ। खंडवा पुलिस का बहुत-बहुत धन्यवाद।” इसी तरह कॉलेज छात्र राहुल ने बताया कि उसके फोन में प्रोजेक्ट के जरूरी डॉक्यूमेंट थे। फोन मिलते ही उसकी पढ़ाई की टेंशन खत्म हो गई।

PunjabKesari

एसपी अगम जैन ने कहा, “आम आदमी के लिए मोबाइल सिर्फ फोन नहीं, उसकी यादें और जरूरी दस्तावेज होते हैं। हमारी साइबर टीम लगातार गुम मोबाइल ट्रेस कर रही है। लोग CEIR पोर्टल पर या नजदीकी थाने में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।” उन्होंने साइबर सेल की टीम को इस सफलता के लिए सम्मानित करने की घोषणा भी की।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या थाने में सूचना दें और फोन खरीदते समय बिल जरूर लें। खंडवा पुलिस की इस कार्रवाई से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena