अस्पताल में भर्ती मरीज़ पर चाकू से हमला, ट्रामा सेंटर में देर रात मची भगदड़, घटना cctv में कैद
6/2/2022 11:29:00 AM
खंडवा(निशात सिद्दिकी): मध्यप्रदेश के खंडवा में बुधवार देर जिला अस्पताल में अचानक भगदड़ मच गई। अस्पताल में भर्ती मरीज पर आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। सो रहे मरीज पर अचानक हुए हमले से अस्पताल में सनसनी फैल गई। हमलावर बदमाश युवक को घायल कर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अब पुलिस हमलावर बदमाशों की तलाश कर रही है।
खंडवा की जिला अस्पताल में सो रहे घायल मरीज पर आपसी रंजिश के चलते कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार सोहेल उर्फ अंडे और कासिम एवं शाहरुख उर्फ हथौड़े के बीच आपसी रंजिश चली आ रही है। इसी के चलते हुए विवाद में कासिम और शाहरुख ने सोहेल को 2 दिन पहले घायल कर दिया था। घायल सोहेल का इलाज खंडवा की जिला अस्पताल में किया जा रहा था। लेकिन कासिम और शाहरुख ने अपने अन्य साथियों के साथ मिल कर एक बार फिर बुधवार देर रात अस्पताल में इलाज करा रहे सोहेल पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में अस्पताल में भर्ती अन्य मरीज सकते में आ गए। चाकूबाजी की घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
सोहेल उर्फ अंडे के भाई शादाब ने बताया कि उसके भाई का कासिम और शाहरुख हथौड़े से पुराना विवाद पहले से चला रहा है। उसने बताया कि 2 दिन पहले भी उसके भाई पर हमला हुआ था। जिसमें वह घायल हो गया था। उसी के इलाज के लिए सोहेल को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। लेकिन बुधवार रात 2 बजे के लगभग बदमाश अस्पताल में चाकू लेकर हमले के लिए आए, जिनमें हाशिम, कल्लू, बबलू और शाहरुख हथौड़ा शामिल थे। इन लोगों ने मिलकर सोहेल पर चाकू से 8-10 वार किए। फिलहाल सोहेल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। लेकिन गंभीर रूप से घायल होने पर उसे इंदौर रेफर किया जा रहा है।
वहीं घायल युवक सोहेल ने बताया कि वह जिला अस्पताल में भर्ती है। रात के समय जब वह सोया हुआ था अभी कासिम शाहरुख और अन्य लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। सोहेल ने बताया कि हमले में उसके पिता को भी चोट आई है। वहीं मगर थाने के प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान ने कहा कि अस्पताल में हुए हमले के आरोपियों को जल्द ही पुलिस अपनी गिरफ्त में ले लेगी। फिलहाल आरोपी फरार है।