लकड़ी के टाल में आग लगने से लाखों का नुकसान, जायजा लेने पहुंची साध्वी प्रज्ञा

5/25/2019 1:04:14 PM

सीहोर: जिले के मंडी क्षेत्र में स्थित इमारती लकड़ियों की टाल में शुक्रवार देर रात भीष्ण आग लग गई। देखते ही देखते हवा के तेज रुख से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसके चलते आसपास के इलाके भी गिरफ्त में आ गए। आग की चपेट में आसपास पड़ी लगभग 70 लाख रुपए मूल्‍य की इमारती लकड़ी जलकर राख बन गई। वहीं इस मामलें में प्रशासन की बड़ी लापरवाही के चलते फायरब्रिगेड भी समय पर नहीं पहुंची।



आग लगने के लगभग डेढ़ घंटे के बाद भोपाल से आई आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 2 घंटे में इस आग पर काबू पाया। घटना की सूचना के बाद भोपाल से सांसद बनीं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया।



अज्ञात कारणों से फैली आग ने तकरीबन 2 एकड़ में रखी इमारती लकड़ियों के टाल को राख में तबदील कर दिया। तेज हवा के कारण आसपास के इलाके भी इसकी चपेट में आ गए। जिसके कारण नुकसान काफी ज्‍यादा हुआ है। लोगों में प्रशासन के प्रति भी नाराजगी जताई उनका कहना था कि आग लगने के काफी समय बाद भी फायरब्रिगेड नहीं पहुंची। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि टाल के पास से बारात निकल रही थी, ऐसे में हो सकता है कि आतिशबाजी के चलते आग लगी हो।



घटना की सूचना के बाद भोपाल लोकसभा सीट से निर्वाचित साध्वी प्रज्ञा ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचीं और और पीड़ित परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही वह तत्काल भोपाल से रवाना हो गई। साथ ही कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर पूरी मदद की जाएगी। हालांकि कोई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल का जायजा लेने नहीं पहुंचा है।
 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR