लेडी सब इंस्पेक्टर ने सरकारी आवास में लगाई फांसी, मचा हड़कंप
1/4/2019 11:23:20 AM
पन्ना: जिले की सिमरिया थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिमरिया थाना के मोहंद्रा चौकी में पदस्थ पीएसआई अनामिका सिंह के अपने सरकारी आवास में फांसी लगाने की सूचना मिली। गुरुवार देर रात अनामिका का शव आवास पर पंखे से लटका मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, सिमरिया थाना के अंतर्गत आने वाले मोहंद्रा चौकी की प्रभारी अनामिका सिंह ने गुरूवार रात को सरकारी आवास पर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जैसे ही यह घटना की खबर पुलिस महकमे में पहुंची वैसे ही समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल बन गया।
सुत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले ही अनामिका सिंह को मोहंद्रा चौकी का प्रभार दिया गया था। किन कारणों की वजह से महिला एसआई ने फांसी लगाई है, इसका खुलासा नहीं हुआ है। वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। अनामिका सागर जिले की देवरी की रहने वाली थी। पुलिस ने परिजनों को भी मामले की सूचना दे दी है।