MP में निवेश को लेकर CM मोहन यादव की बड़ी बैठक, इंदौर में ₹1,200 करोड़ लगाएगी लालवाला इंडस्ट्रीज़
Friday, Oct 23, 2026-04:48 PM (IST)
इंदौर: मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय 'मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026' के पहले दिन निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इस दौरान लालवाला इंडस्ट्रीज़ के प्रतिनिधि सौरभ हरिवदन लालवाला और सिद्धार्थ लालवाला ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात कर इंदौर में 1200 करोड़ रुपये के निवेश का बड़ा प्रस्ताव रखा।
उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत कंपनी आगामी पांच वर्षों में इंदौर में 1200 करोड़ रुपये का चरणबद्ध निवेश कर एक अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना के माध्यम से प्रदेश में 300 कुशल एवं तकनीकी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण को बढ़ावा
बैठक के दौरान कंपनी ने इंदौर में माइक्रोवेव एवं रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ) जनरेटर तथा गैलियम नाइट्राइड (GaN) डिवाइस के निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना साझा की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से मध्यप्रदेश में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षमता का तेजी से विस्तार होगा और सेमीकंडक्टर उद्योग की राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति शृंखला को मजबूती मिलेगी।
गुजरात के सूरत में स्थित लालवाला इंडस्ट्रीज़ सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है। कंपनी 2450 मेगाहर्ट्ज (MHz) के हाई-पावर सॉलिड-स्टेट माइक्रोवेव जनरेटर बनाती है, जिनका उपयोग सेमीकंडक्टर चिप निर्माण में एचिंग और डिपॉजिशन उपकरणों में किया जाता है। इसके अलावा, कंपनी सेमीकंडक्टर पैकेजिंग के लिए सिरेमिक व प्लास्टिक पैकेज, प्रोसेस गैस और केमिकल्स की आपूर्ति में भी सक्रिय है। मध्यप्रदेश में कंपनी इस इकाई के माध्यम से अपना पहला कदम रखने जा रही है।
सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लालवाला इंडस्ट्रीज़ के निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए राज्य शासन की ओर से हरसंभव सहयोग, सुगम प्रक्रिया और आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराने का पूर्ण आश्वासन दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कंपनी के नेतृत्व को जनवरी 2027 में प्रस्तावित आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS 2027) में सहभागिता के लिए आमंत्रित भी किया।

