VIDEO : जब झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने एक-एक कर 3 लोगों को बनाया अपना शिकार

8/13/2018 12:40:40 PM

जबलपुर : पाटन तहसील के जरोंद गांव में जंगल से भटका हुआ तेंदुआ पहुंच गया। जिसे देखते ही गांव में दहशत फैल गई। इस दौरान तेंदुए ने वन रेंजर समेत तीन लोगों को घायल कर दिया। हालांकि तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका क्योंकि लोगों की भीड़ को देखकर वह एक पेड़ पर चढ़ गया। इस दौरान यहां वन विभाग की लापरवाही भी नजर आई।



तेंदुए को देखते ही गांव के लोगों ने तत्काल डायल 100 को इसकी सूचना दी जिसके बाद नुनसर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही डिप्टी रेंजर ने गांव के कुछ लोगों के साथ उस स्थान पर जाकर तस्दीक करने का प्रयास किया तो झाड़ियों में छिपे हुए तेंदुएं ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान डिप्टी रेंजर की पीठ पर तेंदुए के पंजे के निशान बन गए। वहीं, एक ग्रामीण पर भी तेंदुए ने हमला किया और उसके सिर एवं हाथ में खरोंच मार दी।



हमले के बाद तेंदुआ वापस झाड़ियों में जाकर छिप गया। वन विभाग ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर बल एवं पिंजरा भेजने की मांग की, लेकिन हैरानी की बात यह है कि दो लोगों के घायल होने की सूचना मिलने के बाद भी करीब पांच घंटे तक न तो वन विभाग की टीम पहुंची और न ही कोई सुरक्षा के इंतजाम किए गए। इंतजार करते-करते वन विभाग के कर्मचारी भी धीरे-धीरे मौके से गायब हो गए।



इसी बीच दिलीप ठाकुर नाम का एक युवक नशे की हालत में झाड़ियों के पास पहुंच गया। कुछ ग्रामीणों ने उसे रोकने का कोशिश की लेकिन वह नहीं रुका। ग्रामीण युवक उसे बचाने के लिए जाल लेकर उसके पीछे-पीछे चल दिए, जब दिलीप झाड़ियों के बिल्कुल पास पहुंचा तो हाथ के इशारे से तेंदुए को बुलाने लगा। इस पर तेंदुए ने हमला कर उसके सिर पर पंजा मार घायल कर दिया। बहरहाल तीसरे युवक पर हमला करने के बाद तेंदुआ झाड़ियों से निकलकर खेत के किनारे एक पेड़ पर चढ़ गया।

Prashar

This news is Prashar