भिंड में डाक मतों की लूट मचा हड़कंप, 2 लुटेरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

12/10/2018 7:36:32 PM

भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक बड़ी वारदात सामने आई है। जहां पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों से 256 मत पत्रों से भरी बोरी बदमाश लूट ले गए। इस घटना को तीन अज्ञात लोगों ने अंजाम दिया है। इनमें से दो को पुलिस ने पकड़ लिया है। इस घटना से पुलिस प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों की पोल खुल गई है। नतीजों से एक दिन पहले इस घटना से पूरे पुलिस महकमें में खलबली मच गई है। 

जानकारी के अनुसार सोमवार को भिंड जिले की अटेर विधानसभा के 256  डाक मत पत्रों की बोरी अज्ञात बदमाशों ने लूट ली। इन लुटेरों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। इस दौरान तीन में से एक बदमाश फरार हो गया जबकि दो को पुलिस ने पकड़ लिया है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से कोई पख्ता जानकारी इस संबंध में नहीं दी गई है। मौके पर भारी हंगामा होने से पुलिस स्थिति को संभालने में जुट गई। इस घटना की जानकारी जैसे ही राजनीतिक दलों के नेताओं को मिली उन्होंने भी हंगामा शुरू कर दिया।


डाकिया राजेंद्र यादव ने बताया कि वह अटेर विधानसभा के 256 डाक मतपत्रों से भरी बोरी लेकर जेल आए थे। इस दौरान करीब दो दर्जन बदमाशों ने लाठियों व डंडों से उनपर हमला किया और मतपत्रों से भरी बोरी लूट ले गए। उन्होंने हमलावरों मे से एक की पहचान रंगलाल के नाम से की है।

इस घटना से पुलिस प्रशासन के सुरक्षा संबंधी इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। क्योंकि हाल ही में कलेक्टर और एसपी ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली थी। वहीं पुलिस ने 2 लूटेरों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR