शादी के बाद भी प्रेमी के साथ रहने की कर रही थी जिद... प्रेमी ने पीछा छुड़वाने के लिए फंदा लगाकर मार डाला
3/24/2022 11:58:17 AM
बेमेतरा(भूपेंद्र साहू): होली मनाने मायके आई नवविवाहित का पड़ोसी के मकान में फंदे लटकते मिले शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने नवविवाहिता की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शुरुआत से ही इस मामले की जांच हत्या की दिशा में कर रही थी। प्रार्थी शिवरीनारायण पिता संत राम राजपूत उम्र 37 साल ने मारो चौकी में जानकारी दी कि 20 मार्च की रात मृतिका अपनी छोटी बहन के साथ अपने कमरे में सोई थी। सुबह 5 बजे बजे रितिका अपने बिस्तर पर नहीं थी। 9 बजे धनेश्वर राजपूत ने बताया कि मृतिका पड़ोसी पुरुषोत्तम यादव के घर के कमरे में फांसी पर लटकी हुई है। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरु की। थाना प्रभारी नांदघाट विपिन रंगारी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आर के साहू ने घटनास्थल के आधार पर पुरुषोत्तम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस पर आरोपी ने बताया कि उनके मृतका के साथ बीते 3 वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों की शादी अलग अलग जगह हो गई थी। लेकिन मृतका उसके साथ रहने के लिए जिद करती थी। इससे वह परेशान था। 14 मार्च को मृतका के पिता होली त्यौहार मनाने उसे उसके ससुराल से लेकर ग्राम चक्रवाय मायके लाए थे। इधर आरोपी किसी तरह उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम पीता संतराम यादव 20 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
प्रेमी प्रेमिका से पीछा छुड़ाना चाहता था। उसने पूछताछ के दौरान बताया कि 20 मार्च की रात को मृतका आरोपी के कहे के अनुसार उसके कमरे में गई। आरोपी की रिश्तेदारी में एक्सीडेंट हो जाने पर वह अपने पिता के साथ भाटापारा चला गया था। रात करीब 12:00 बजे घर लौटा तो मृतका आरोपी के कमरे में आ चुकी थी। देर से आने के कारण और साथ भगाने की बातों को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि यदि हम साथ नहीं रह सकते तो साथ मर सकते हैं। हम दोनों साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेते हैं। इस पर मृतका आरोपी के बातों में आ गई। आरोपी अपने कमरे में साड़ी व चुनरी ला कर कमरे के पटिया से अलग अलग फंदा बनाया। फिर मृतकों को पहले फांसी लगाने की बात कही। उसने साड़ी पर फंदा गले में डाला तो आरोपी ने उसे पीछे से धकेल दिया। इस पर मृतका चिल्लाने लगी तो आरोपी के पास रखे कपड़े का टुकड़ा मुंह में ठूंस दिया। वह उसके पैरों को पकड़कर खींचने लगा। जिससे मौके पर प्रेमिका लड़की की मौत हो गई।