10 साल से फरार रेप का आरोपी बन गया जादूगर, मैजिक शो के दौरान खंडवा पुलिस ने बिहार से धर दबोचा

6/14/2022 1:38:57 PM

खंडवा(निशात सिद्दिकी): अपराधी लाख रूप बदल पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर ले लेकिन पुलिस के हाथ उसके गिरेबान तक पहुंच ही जाते है। मध्यप्रदेश के खंडवा में बलात्कार के एक मामले में दस साल से फरार चल रहे ऐसे ही आरोपी को जावर पुलिस बिहार से दबोच लाई। खास बात यह कि फरारी के दौरान वह जादूगर के पास काम करने लगा और जादू सीख गया। पुलिस जब उसे पकड़ने गई तब वह जादू का शो चल रहा था। एक घंटे तक पुलिसकर्मियों ने उसका शो देखा। जैसे ही वह स्टेज से उतरा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी पर दस हजार का इनाम भी घोषित था।

खंडवा के जावर थाने के टीआई शिवराम जाट ने बताया कि सुरगांव बंजारी के नानकराम पिता रामेश्वर गवली के खिलाफ 2007 में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। नानकराम को गिरफ्तार भी किया उसके बाद कोर्ट ने उसे जमानत दे दी। उसके बाद वह कोर्ट पेशी पर नहीं आया और फरार हो गया। एसपी विवेक सिंह ने आरोपी पर दस हजार का इनाम भी घोषित किया था। हेडकांस्टेबल रफीक खान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह नानकराम अब जादूगर बन चुका है। वह यूपी के मुजफ्फरपुर में रह रहा और उसने वहां का आधार कार्ड भी बनवा लिया। फिलहाल वह पटना (बिहार) में जादू का शो करने गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम पटना पहुंची। जादू के शो के बारे में पता किया और जब वहां पुलिस पहुंची तो नानकराम का शो चल रहा था। जब शो खत्म हुआ तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी फरारी के दौरान ग्वालियर, लखनऊ और मुजफ्फरपुर बिहार में रहा। यहां उसने अलग-अलग जादूगरों के साथ काम किया और जादू सीखा। वह खुद को सम्राट जादूगर बताता था। लखनऊ में भी उसने अपना ठिकाना बनाया। इस दौरान उसने जादू के शो दिखाने के लिए अपनी टीम तैयार की। जिसमें लड़कियां भी शामिल थी। आरोपी 2019 में भी खंडवा के पड़ोसी जिले खरगोन में आकर जादू दिखाकर चला गया था। इसके अलावा वह यूपी और बिहार में अपने शो करता था।

meena

This news is Content Writer meena