उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में शुरू हुआ 10 दिवसीय शिवनवरात्रि महोत्सव, भगवान महाकाल का भांग और चंदन से विशेष श्रृंगार
Friday, Feb 06, 2026-11:16 PM (IST)
उज्जैन (विशाल सिंह ठाकुर): विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिवनवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ। दस दिवसीय इस विशेष पर्व की शुरुआत कोटेश्वर महादेव के पूजन-अर्चन से की गई। गर्भगृह में पुजारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में 11 ब्राह्मणों द्वारा भगवान महाकाल का पंचामृत पूजन एवं एकादश-एकादशनी रुद्राभिषेक संपन्न हुआ।
परंपरा अनुसार, देश में केवल उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में ही महाशिवनवरात्रि का यह दस दिवसीय महोत्सव मनाया जाता है।
प्रथम दिवस पर भगवान महाकाल का विशेष दिव्य श्रृंगार किया गया। सुबह चंदन उबटन से स्नान के पश्चात जलधारी पर हल्दी अर्पित की गई। दोपहर में भोग-आरती के बाद पंचामृत पूजन संपन्न हुआ और अपराह्न में भगवान का भांग से विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर भगवान को लाल, गुलाबी एवं पीले रंग के नवीन वस्त्र अर्पित कर अलौकिक रूप से सजाया गया।
शिवनवरात्रि महोत्सव 6 फरवरी से 15 फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार एवं आरती के दर्शन होंगे। संध्या-कालीन आरती में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

