राजगढ़ की कलेक्टर निधि निवेदिता और SDM का महिला दिवस पर सम्मान करेगी महिला कांग्रेस

1/23/2020 12:00:11 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बीजेपी की रैली की वजह से इन दिनों चर्चाओं में बनी हुई राजगढ़ की दोनों महिला अधिकारियों को लेकर महिला कांग्रेस ने बड़ा ऐलान किया है। महिला कांग्रेस ने फैसला किया है कि वह कलेक्टर निधि निवेधिता और एसडीएम प्रिया वर्मा का सम्मान करेगी। दोनों महिलाओं का सम्मान 8 मार्च को महिला दिवस के मौके पर किया जाएगा।

महिला कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को हुई बैठक के दौरान ये फैसला किया गया। जिसके अनुसार आठ मार्च महिला दिवस के मौके पर कलेक्टर निधि निवेदिता और डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा का सम्मान किया जाएगा। ये सम्मान, प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं को सबक सिखाने के ऐवज में किया जाएगा। महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि दोनों ही महिला अफसरों ने बहादुरी से बीजेपी के गुंडों का मुकाबला किया है। लिहाजा उनको सम्मान करना गौरव की बात है।

वहीं इस घटनाक्रम के बाद से ही कांग्रेस दोनों अधिकारियों का खुलकर समर्थन कर रही है। दिग्विजय सिंह ने तो इस घटनाक्रम को बीजेपी की गुंडागर्दी करार दिया है। वहीं महिला अधिकारियों की बहादुरी के लिए तारीफ की है। दिग्विजय ने ट्वीटर पर ट्वीट कर दोनों अधिकारियों की बहादुरी पर गर्व करने की बात कही है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बीजेपी की गुंडागर्दी सामने आ गई। महिला जिला कलेक्टर और महिला एसडीएम अधिकारियों को पीटा गया बाल खींचे गए। महिला अधिकारियों की बहादुरी पर हमें गर्व है। वहीं बीजेपी इसका जमकर विरोध कर रही है, सड़कों पर उतकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं, यहां तक दोनों अधिकारियों पर एफआईआर तक की मांग की गई है।

राजगढ़ जिले के ब्यावरा में 19 जनवरी को बीजेपी ने सीएए के पक्ष में रैली निकाली थी, जबकि शहर में धारा 144 लागू थी और प्रशासन ने भी रैली की अनुमति भी नहीं दी थी। बावजूद इसके बीजेपी ने रैली निकाली गई। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दी तो कलेक्टर मौके पर पहुंची। कलेक्टर ने प्रदर्शनकारियों से ब्यावरा के कुछ इलाकों में धारा 144 लागू होने का हवाला दिया गया। जिससे आक्रोशित बीजेपी कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे।

वहीं इससे नाराज कलेक्टर निधि निवेदिता ने बीजेपी जिला मीडिया प्रभारी रवि बड़ोने को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद भी जब भीड़ ने नारेबाजी कम नहीं की तब उन्होंने एक पुलिसकर्मी का डंडा लेकर भीड़ को धक्का मारने लगीं। कलेक्टर ने रैली की अगुवाई करते हुए तिरंगा लेकर चल रहे राजगढ़ के पूर्व विधायक अमरसिंह यादव के साथ भी धक्कामुक्की की। कलेक्टर को एक्शन में देखकर डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा ने भी भीड़ से लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपने लगीं। तभी उनके साथ भीड़ ने अभद्रता कर दी। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें बालों से खींचा और मारने पर उतारू हो गए। जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh