थाने में युवक की मौत मामले में बड़ा एक्शन, 2 आरक्षकों को किया गया निलंबित,मजिस्ट्रेट जांच शुरू
Sunday, Feb 15, 2026-08:12 PM (IST)
छतरपुर(राजेश चौरसिया): छतरपुर जिले के कल राजनगर थाना में पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवक द्वारा फांसी लगाने का मामला सामने आया था । घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पहचान राजेश पटेल निवासी विक्रमपुर इमलिया के रूप में हुई थी। इसको लेकर खूब बवाल हुआ था औऱ घरवालों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में अब कड़ी कार्रवाई हुई है। कार्रवाई करते हुए 2 आरक्षक निलम्बित कर दिए गए हैं,
आरक्षक शिवकुमार और आरक्षक संजय किए गए निलंबित
SP अगम जैन ने प्रारंभिक जांच के बाद दो आरक्षकों पर गाज गिराई है। इस मामले में राजनगर आरक्षक शिवकुमार और आरक्षक संजय को निलंबित किया गया है। गौर करने वाली बात है कि छतरपुर राजनगर थाने में युवक की मौत पर दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे, पुलिस कर्मियों पर 50 हजार रूपये मांगने के भी आरोप लगे थे। अब इस मामले में तगड़ा एक्शन हुआ ।
पुलिस पर लगे थे लापरवाही के आरोप
पुलिस के अनुसार युवक को शांति भंग और छेड़छाड़ के मामले में शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच उसने कथित रूप से बाथरूम में फांसी लगा ली। थाने के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर किए थे। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। उनका कहना है कि कस्टडी में आरोपी की निगरानी में चूक हुई है। परिजनों ने काफी हंगामा किया था।
मामले को लेकर मजिस्ट्रेट जांच शुरू- एसपी अगम जैन
एसपी अगम जैन ने कहा कि 2 आरक्षकों पर कार्रवाई हुई है और मजिस्ट्रेट जांच कर रहे हैं। सारे मामले में तफ्तीश की जाएगी।

