पुलिस विभाग में अचानक बहुत बड़ा फेरबदल! कई अधिकारियों समेत 130 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर
Wednesday, Mar 11, 2026-02:13 PM (IST)
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पुलिसकर्मियों को हटाकर नई जगहों पर पदस्थ किया गया है। इस संबंध में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक जिले में कुल 130 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। इसमें 3 उप निरीक्षक (SI), 10 सहायक उप निरीक्षक (ASI), 23 प्रधान आरक्षक और 94 आरक्षक शामिल हैं। पुलिस विभाग द्वारा किए गए इस बड़े पैमाने के तबादले को प्रशासनिक कसावट और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही थाने या शाखा में पदस्थ थे, जिससे कार्यप्रणाली पर असर पड़ रहा था। ऐसे में विभाग ने व्यापक स्तर पर बदलाव करते हुए अलग-अलग थानों और इकाइयों में नई पोस्टिंग दी है।
बताया जा रहा है कि इस फेरबदल से पुलिस व्यवस्था में नया संतुलन और सक्रियता देखने को मिलेगी। वहीं नए स्थान पर पदस्थ किए गए पुलिसकर्मियों को जल्द ही कार्यभार संभालने के निर्देश भी दिए गए हैं।

