दतिया में चुनावी माहौल के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! अचानक बदले गए 14 पुलिस अधिकारी
Sunday, Jul 26, 2026-03:07 PM (IST)
दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले जिला पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक ने जिले के 14 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बताया गया है।
जारी आदेश के अनुसार लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, उप निरीक्षक (SI), सहायक उप निरीक्षक (ASI) और प्रधान आरक्षक शामिल हैं। प्रशासन का मानना है कि समय रहते किए गए ये बदलाव चुनावी माहौल में निष्पक्ष पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

नई पदस्थापनाओं के तहत अधिकारियों को विश्वविद्यालय थाना, बड़ौनी, इंदरगढ़, भांडेर, सिविल लाइन, कोतवाली, थरेट, सेवढ़ा, गोदन, लांच और रतनगढ़ समेत जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों में भेजा गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि 30 जुलाई को प्रस्तावित दतिया विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार तैयारियों में जुटा है। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस विभाग का यह फेरबदल चुनावी व्यवस्थाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

