चोरी हुई 24 EVM मामले में बड़ा खुलासा! एक पत्र से सुलझ गया पूरा मामला
Saturday, Oct 03, 2026-09:13 PM (IST)
अनूपपुर (प्रकाश तिवारी) : अनूपपुर जिले में गुम हुई बताई जा रही ईवीएम मशीनों का मामला शनिवार को पुराने अभिलेख मिलने के बाद स्पष्ट हो गया। रिकॉर्ड मिलान के दौरान उपलब्ध नहीं मिली मशीनें वर्ष 2021 में खराब होने के बाद निर्वाचन कार्यालय भोपाल भेजी गई थीं, जहां से उन्हें आगे हैदराबाद भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पुराने पत्र के मिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, काउंटिंग के बाद ईवीएम के रिकॉर्ड मिलान के दौरान कुछ मशीनों का हिसाब नहीं मिल पाया था। मशीनों के गुम होने की आशंका के चलते अनूपपुर कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुराने निर्वाचन अभिलेखों और फाइलों की जांच की गई। जांच के दौरान संबंधित पत्र सामने आया, जिसमें खराब ईवीएम को भोपाल भेजे जाने का उल्लेख था।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अनूपपुर बलबीर सिंह ने शनिवार को बताया कि तत्कालीन उप जिला निर्वाचन अधिकारी सरोधन सिंह के कार्यकाल में वर्ष 2021 में खराब ईवीएम मशीनें भोपाल भेजी गई थीं, जहां से उन्हें हैदराबाद भेजा गया था। संबंधित पत्र फाइलों से मिलने के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हुई।
हालांकि, इस घटनाक्रम ने निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्य में ईवीएम के रिकॉर्ड संधारण और मशीनों के आवागमन से जुड़े दस्तावेजों के समय पर मिलान को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं। अब संबंधित अभिलेखों का मिलान कर रिकॉर्ड को दुरुस्त किया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

