बड़ा हादसा! तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, 3 युवकों की मौत; रक्षाबंधन की खुशीयां मातम में बदली
Saturday, Aug 29, 2026-03:37 PM (IST)
बिलासपुरः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की जूनापारा पुलिस चौकी के पास हुई। तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद ट्रक बाइक को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलने पर जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमॉटर्म के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतकों के पास तत्काल ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उनकी पहचान की जा सके। उनकी शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फरार ट्रक और चालक की पहचान के लिए मुख्य मार्गों, आसपास के प्रतिष्ठानों तथा ढाबों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

