नारियल के बोरों में छिपाया था लाखों का गांजा, ट्रक ड्राइवर समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

7/31/2020 5:39:06 PM

छत्तीसगढ़(अभिषेक झा): कांकेर में सुरक्षा बल के जवानों ने नारियल के बोरे में गांजा की तस्करी करने वालों को धर दबोचा है। बताया जा रहा है कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। फिलहाल गांजे की तौल नहीं हो पाई है। तौल होने के बाद उसका वजन बताने की बात कही गई है। गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख बताई जा रही है। यह घटना कांकेर के बरदेभाठा चौक की है।



कांकेर एसडीओपी तसलीम आरिफ ने जानकारी देते हुए बताया कि- मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही है, जिसमें गांजा भरा होने की आशंका है। हम लगातार एमसीपी के तहत कार्यवाही कर ही रहे हैं। सूचना मिलने के बाद कांकेर के बरदेभाठा चौक के पास पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा है।

उन्होंने बताया कि नारियल के बोरे के बीच छुपा कर गांजा रखा गया था। ट्रक से 69 पैकेट में गांजा मिला है। इसके साथ ही 2 लोगों को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गांजे का तौल किया जा रहा है उसकी तौल होने के बाद उसका वजन बताया जा सकेगा।

meena

This news is Edited By meena