किसानों को तेज धूप में खड़ा देख बुरे बिफरे MLA, वेयर हाउस अधिकारियों भड़के,बोले- 2 दिन से ट्रैक्टर लेकर किसान खड़े और तुम लोगों को शर्म नहीं
Saturday, May 23, 2026-09:20 PM (IST)
सीहोर(धर्मेंद्र राय): तेज धूप में ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ गेहूं तुलाई का इंतजार कर रहे किसानों को देखकर शनिवार को कृषि उपज मंडी में विधायक सुदेश राय जबरदस्त आक्रोशित हो गए। वेयर हाउस के अधिकारियों को विधायक सुदेश राय ने साफ शब्दों मे कहा कि आपके बारदाना आए या ना आए इससे मुझे कोई मतलब नहीं है। मैं किसानों को परेशान नहीं होने दूंगा।
विधायक के सख्त बोल- किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करूंगा
उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करूंगा। विधायक राय यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि दो दिनों से तेज धूप में अपनी ट्रैक्टर ट्राली को लेकर किसान खड़े हुए हैं, तुम लोगों को शर्म नहीं आ रही है, गड़बड़ मत करो। आसपास के वेयर हाउस गेहूं उत्पादन केंद्र पर पर्याप्त बारदान मौजूद है, आप के ही पास नहीं हैं। इस पर मौजूद किसानों ने कहा कि छुट्टी और बारदान नहीं होने का हवाला देकर गेहूं की तुलाई रोक दी गई है, जबकि हम दो दिनों से तुलाई का इंतजार कर रहे हैं और अंतिम तारीख भी नजदीक आ गई है ।
भले ही सरकारी छुट्टी क्यों ना हो, किसानों की उपज से भरी ट्रॉली की तुलाई होगी-राय
वेयर हाउस के अधिकारियों कर्मचरियों और किसानों की उपस्थिति में विधायक सुदेश राय ने कहा कि भले ही सरकारी छुट्टी क्यों ना हो आज सभी किसानों की उपज से भरी ट्रॉली की तुलाई होगी। विधायक राय ने कहा कि ध्यान रखिए किसानों को किसी भी प्रकार की कोई भी परेशानी नहीं आनी चाहिए।
कृषि उपज मंडी सरकारी वेयर हाउस के बाहर 25 से 30 ट्रैक्टर ट्रालियां मौजूद थी बारदाना की कमी बताकर गेहूं की तुलाई नहीं की जा रही थी, किसानों ने इसकी जानकारी मोबाइल के माध्यम से विधायक सुदेश राय को दी थी। किसानों की समस्या का समाधान करने के लिए विधायक सुदेश राय शनिवार को अचानक कृषि उपज मंडी पहुंच गए । रात तक गेहूं से भरी सभी ट्रालियों की तुलाई वेयर हाउस गेहूं उपार्जन केंद्र द्वारा कर ली गई।

