रणदीप सुरजेवाला का दावा, ''मोदी -शिवराज खो चुके हैं जनता का विश्वास''

11/20/2018 5:30:59 PM

भोपाल: कांग्रेस के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में BJP पर जमकर हमले बोले। उन्होंने दावा किया कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में शिवराज सिंह चौहान की सरकारें जनता का विश्वास खो चुकीं हैं। इससे घबराए, बौखलाए और लड़खड़ाए दोनों नेता जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।


 

सुरजेवाला ने जनता के 'आरोप' नाम से एक दस्तावेज पेश किया और कहा कि मोदी - शिवराज की सरकारें दलालों की संरक्षक हैं। एक मेहुल चौकसी और नीरव मोदी को भगाने में लगा रहा, वहीं दूसरा मंडी में किसानों को लूटने में लगा रहा। जबकि मध्यप्रदेश में रेत, पेंशन, बिजली, डामर, विश्वविद्यालय, खाद्यान्न लेकर शौचालय घोटाले तक की लंबी फेहरिस्त है। मध्यप्रदेश की सरकार घोटालेबाजों की सरकार है।

बिजली, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, किसान, सुशासन आदि मोर्चों पर शिवराज सरकार औंधे मुंंह गिरी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला अपराधों में बीते 15 साल में 1170 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। लिंगापनुपात में गिरावट आयी है। कोख में बच्चियों को मारने की घटनाएं बढ़ी हैं। 2016 में हर दिन 13 बेटियों से बलात्कार हुए। 25566 महिलाओं के अपहरण हुए, छेड़छाड़ की एक लाख घटनाएं हुईं।



9 जिलों में 7500 बेटियां गायब हो गईं। ऐसे में सवाल ये हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को रात में नींद कैसे आती होगी। किसानों के मोर्चे पर राज्य सरकार को घेराबंदी करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसान आत्महत्या में 21 फीसदी की वृद्धि हो रही है। रोजाना चार किसान आत्महत्या कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिले के 24 गांवों के किसानों ने इच्छामृत्यु की मांग की है। किसानों के मान स्वाभिमान को पैरों तले रौंदा जा रहा है। भावान्तर योजना का किसानों को कोई लाभ नहीं मिला बल्कि 15 मंडियों के 40 व्यापारियों की सांठगांठ से किसानों के हक लूटे जा रहे हैं। 

suman

This news is suman