Punjab Kesari MP ads

CM मोहन यादव की उद्योगपतियों से चर्चा, MP में 2,460 करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर मंथन

Thursday, Oct 08, 2026-03:27 PM (IST)

मुंबई/भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में उद्योगपतियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ जैन से प्रदेश में औद्योगिक गैस एवं सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक इकाइयों के लिए आवश्यक सुविधाओं, ऊर्जा आपूर्ति और आधारभूत संरचना के विकास सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

गुना में ₹1,260 करोड़ के निवेश से स्थापित होगा सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन संयंत्र

आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने मध्यप्रदेश के गुना में भारत का पहला अति-उच्च शुद्धता वाला सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन गैस संयंत्र स्थापित करने के लिए ₹1,260 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना का उत्पादन अप्रैल 2029 से प्रस्तावित है। इससे सेमीकंडक्टर उद्योग में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण गैस के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना के माध्यम से लगभग ₹350 करोड़ के आयात प्रतिस्थापन और 320 से अधिक स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

बैठक में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी  के उपयोग से सेमीकंडक्टर उद्योग में काम आने वाली विशेष गैसों के उत्पादन के लिए लगभग ₹1,200 करोड़ के संभावित निवेश पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 40 एकड़ भूमि की आवश्यकता बताई गई। इसके साथ ही प्राकृतिक गैस की उपलब्धता और गेल (GAIL) के आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार किया गया। भारत में पहली बार इस तकनीक के माध्यम से संबंधित गैसों के उत्पादन की संभावना को देखते हुए परियोजना को सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र की जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और सिद्धार्थ जैन के बीच निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय सहायता, ब्याज अनुदान, प्रति यूनिट ₹2 की बिजली सब्सिडी, विद्युत शुल्क में छूट, अनुकूलित सीसीआईपी मेगा पैकेज, रियायती दरों पर भूमि उपलब्ध कराने और समयबद्ध स्वीकृतियां प्रदान करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त औद्योगिक इकाइयों तक जल, बिजली, प्राकृतिक गैस और सड़क जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड का वार्षिक टर्नओवर ₹3,034 करोड़ है। कंपनी औद्योगिक, चिकित्सा एवं इलेक्ट्रॉनिक गैसों के उत्पादन और आपूर्ति के क्षेत्र में देश की अग्रणी कंपनियों में शामिल है। यह अमेरिका की एयर प्रोडक्ट्स एंड केमिकल्स के साथ 50:50 संयुक्त उद्यम के रूप में कार्य करती है। कंपनी ऑक्सीजन और नाइट्रोजन जैसी महत्वपूर्ण गैसों की आपूर्ति करती है। देश में इसके 57 संयंत्र हैं और यह क्रायोजेनिक टैंकरों के बेड़े के माध्यम से 2,600 से अधिक ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करती है।

मध्यप्रदेश में कंपनी की मौजूदगी और विस्तार की योजनाएं

कंपनी वर्ष 2000 से इंदौर और भोपाल में कार्यरत है। जून 2023 में कंपनी ने मध्यप्रदेश में राज्य का पहला लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किया था। कंपनी में 360 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। वर्तमान में कंपनी जेके टायर और टीएसीसी में नई ऑन-साइट गैस उत्पादन इकाइयों तथा नर्मदापुरम में सौर ऊर्जा से जुड़ी नाइट्रोजन पाइपलाइन विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है।

बैठक में मध्यप्रदेश में औद्योगिक गैस उत्पादन, सेमीकंडक्टर उद्योग की आवश्यकताओं की पूर्ति, आयात पर निर्भरता कम करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में उच्च प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने और मध्यप्रदेश को उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में अवसर सृजित होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News