Punjab Kesari MP ads

प्रियंका गांधी पर CM मोहन यादव का बड़ा हमला, बोले- राजीव गांधी का पाप दोहराया

Sunday, Apr 19, 2026-12:38 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोला। भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने अपने पिता स्वर्गीय राजीव गांधी की गलती को दोहराया है और महिलाओं के हितों के खिलाफ खड़े होकर बड़ा अन्याय किया है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि राजीव गांधी ने शाह बानो केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटकर मुस्लिम महिलाओं के साथ महापाप किया था। अब उनकी बेटी प्रियंका गांधी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों पर डाका डालने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि एक महिला होकर महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ खड़ा होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से महिला हितों के मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाती रही है। उन्होंने कहा कि देश और देश की महिलाएं कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को कभी माफ नहीं करेंगी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी और सम्मान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर अपनी सोच को उजागर कर रही है।

मोहन यादव ने कहा कि आज कांग्रेस जनता की अदालत में पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। देश की बहनें उन्हें किसी भी सूरत में माफ नहीं करेंगी। भाजपा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार और पार्टी अपनी बहनों के सपनों को टूटने नहीं देगी। जो लोग महिलाओं के हक छीनने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ भाजपा सड़क से लेकर सदन तक अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News