Punjab Kesari MP ads

मोहन सरकार में बड़े बदलाव की तैयारी! 2 मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, नए चेहरों की होगी एंट्री,बदलेंगे जिलों के प्रभारी

Saturday, Nov 28, 2026-12:07 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में नए साल से पहले एक बार फिर बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मोहन सरकार में मंत्रियों के विभागों के साथ अब प्रभारी जिलों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल की तैयारी बताई जा रही है। सबसे ज्यादा चर्चा कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप को लेकर है, जिनसे राजगढ़ जिले का प्रभार वापस लिए जाने की अटकलें हैं। इस जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पसंद को प्राथमिकता दिए जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में चल रही है।

दरअसल, हाल ही में चैतन्य काश्यप को इंदौर जिले की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद उनके पास कुल तीन जिलों का प्रभार हो गया है। इससे पहले वह भोपाल और राजगढ़ के प्रभारी मंत्री थे। अब तीन महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी एक ही मंत्री के पास होने से संगठन के स्तर पर नए समीकरण तैयार किए जाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए सरकार और संगठन मंत्रियों की जिम्मेदारियों का नए सिरे से बंटवारा कर सकते हैं।

राजगढ़ के लिए किस मंत्री के नाम पर चर्चा?

राजगढ़ जिले के नए प्रभारी मंत्री को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज है। चर्चा है कि RSS की पसंद के किसी मंत्री को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। इस दौड़ में मंत्री इंदर सिंह परमार का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, उनके पास पहले से ही प्रभारी जिलों में बदलाव हो चुका है, इसलिए अंतिम निर्णय से पहले दूसरे संभावित नामों पर भी विचार किया जा रहा है। फिलहाल किसी मंत्री के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

भोपाल की जिम्मेदारी भी बदलने के संकेत

चैतन्य काश्यप के पास से केवल राजगढ़ ही नहीं, बल्कि भोपाल जिले का प्रभार भी किसी दूसरे मंत्री को सौंपे जाने की चर्चाएं हैं। इंदौर जैसे बड़े जिले की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके कार्यभार को संतुलित करने की जरूरत महसूस की जा रही है। ऐसे में भोपाल और राजगढ़ दोनों जिलों के लिए नए प्रभारी मंत्रियों की तलाश की जा सकती है।

चुनावी तैयारी के बीच मंत्रियों पर बढ़ेगा दबाव

आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन अब मंत्रियों की सक्रियता और उनके कामकाज पर भी नजर रख रहा है। मंत्रियों को अपने विभागों के संचालन के साथ-साथ प्रभार वाले जिलों में नियमित दौरे, विकास कार्यों की समीक्षा और संगठनात्मक गतिविधियों में भी भागीदारी निभानी पड़ती है। इसके अलावा उन्हें अपनी विधानसभा सीट पर भी लगातार सक्रिय रहना होता है।

कई मंत्रियों की ओर से लगातार यात्रा और अतिरिक्त जिम्मेदारियों को लेकर परेशानी जताए जाने की बात भी सामने आती रही है। ऐसे में जिन मंत्रियों के पास दूर-दराज के जिले हैं या जिनका कार्यभार अधिक है, उनके प्रभार में बदलाव किया जा सकता है।

जनवरी 2027 में कैबिनेट विस्तार की भी चर्चा

प्रभारी मंत्रियों के फेरबदल के बीच मोहन सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, नए साल जनवरी 2027 में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। इसमें दो मौजूदा मंत्रियों की जगह नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। करीब चार नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चाएं भी हैं।

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश से सटे मध्यप्रदेश के जिलों को राजनीतिक रूप से मजबूत करने की रणनीति के तहत नए चेहरों के चयन पर विचार हो सकता है। इनमें रीवा, सतना, मुरैना, भिंड, दतिया, सीधी, सिंगरौली, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत कई जिलों के नेताओं के नाम चर्चा में रह सकते हैं।

हालांकि, प्रभारी मंत्रियों के बदलाव और कैबिनेट विस्तार को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अंतिम फैसला संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर विचार-विमर्श के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल इतना तय माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश की सत्ता और संगठन के भीतर जिम्मेदारियों को लेकर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News