MP में जारी है बारिश का कहर, शहर की लाइफ लाइन हुई प्रभावित

9/23/2018 1:56:46 PM

 इंदौर: इंदौर शहर की लाइफ लाइन कहा जाने वाले जवाहर मार्ग पर बने पुल के पिलर का एक हिस्सा बारिश के चलते धंस गया। शनिवार की शाम को हुई इस घटना ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं पुल निर्माण के लिये ठेका देने के साथ वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया था, इसके बाद भी अब तक काम शुरू नहीं किया गया। इस लेट लतीफी ने ठेका कंपनी के साथ-साथ अफसरों को भी कटघरे में खड़े कर दिया है। 

 
 वहीं, इस मार्ग के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण यहां से आने जाने वाले लोगों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अफसर इसे लेकर ट्रैफिक प्लान बना रहे हैं। पुलिस ने दो संभावित विकल्प दिये हैं। जिसमें नंदलालपुरा से राजबाड़ा और आगे की सड़क को वनवे करना और सुभाष मार्ग को लेना भी शामिल है। आज शाम तक इस मामले में अंतिम फैसला लिया जाएगा। डीएसपी संतोष उपाध्याय ने कहा है कि अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। इस मामले में आज निगम के अफसरों के साथ बैठक होनी है। इसके बाद ही पूरा प्लान तैयार किया जाएगा। अभी संभावित तौर पर दो ही रास्ते लिए गए है। जिसमें राजबाड़ा और सुभाष मार्ग को विकल्प के तौर पर तैयार किया जा रहा है। नंदलालपुरा को वन वे किया गया है। राजबाड़ा को भी वन वे किए जाने के लिये तैयारी चालू है। जिससे कि ट्रै्फिक का बोझ बढऩे पर जाम की स्थिति न बने। इन मार्गों के लिए ट्रैफिक पुलिस का अतिरिक्त बल भी लगाया जाएगा।

बता दें कि बीते दिन संजय सेतु के निकट जवाहर मार्ग पर बने हुए पुल के एक पिलर का हिस्सा बारिश के चलते धंस गया। जिसके चलते लोगों को ट्रैफिक की दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। 

Vikas kumar

This news is Vikas kumar