MP Election: चुनाव प्रचार का व्यापक अंदाज, सोशल मीडिया बना बड़ा हथियार

11/6/2018 3:44:12 PM

भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस जहां सोशल मीडिया पर BJP नेताओं के विवादित वीडियो जारी कर रही है, वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार की उपलब्धियां बता कर चुनावी रण में फतह हासिल करने की कोशिश में है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अपने फेसबुक और ट्विटर हैंडल से लगातार सरकार की उपलब्धियां प्रचारित कर रही है। इसके अलावा भाजपा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को भी माध्यम बना रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कथित तौर पर प्रदेश के मंत्रियों कुसुम महदेले और ओमप्रकाश धुर्वे समेत सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के विवादित वीडियो जारी किए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा का यही असली चेहरा है। इन वीडियो में कथित तौर पर सुश्री महदेले एक बच्चे को पैर मारकर दूर करते हुए, ओम प्रकाश धुर्वे एक बच्चे के साथ और शिवराज चौहान एक टोलनाके के कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

 

कांग्रेस की ओर से जारी इस प्रकार की पुरानी सामग्री पर हमला बोलते हुए भारतीय जनता पार्टी  के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के भी ऐसे बहुत से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं, लेकिन भाजपा इस प्रकार की राजनीति नहीं करती। भाजपा सोशल मीडिया से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए वह ऐसे ओछे हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष डॉ भूपेंद्र गुप्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा जब 100 साल पुरानी बातों को दोहरा सकती है, तो कांग्रेस का तीन-चार साल पुराने ऐसे मामले जनता के सामने लाना कोई बुरी बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से जारी विकास के आंकड़े भी फर्जी हैं।

 

suman

This news is suman