मंत्रिमंडलीय समिति में लिया गया बड़ा फैसला, MP में नए निगम-मंडल बनाएगी सरकार
Saturday, Apr 04, 2026-06:05 PM (IST)
(भोपाल): मध्यप्रदेश में राज्य सरकार एक बड़ा काम करने जा रही है। मंत्रिमंडलीय समिति ने एक बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के तहत राज्य सरकार नए निगम मंडल गठित करेगी। इस फैसले में सबसे खास और गौर करने वाली बात यह है कि ये कदम शराब दुकानों का संचालन करने के मकसद से उठाया जा रहा है। मतलब कि नए निगम मंडल प्रदेश में शराब दुकानें चलाएंगे। मंत्रिमंडलीय स्तरीय समिति में यह फैसला लिया गया है।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडलीय स्तरीय समिति में निर्णय
आपको बता दे कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडलीय स्तरीय समिति में यह अहम फैसला लिया गया है। प्रदेश की शराब दुकानों को चलाने के लिए निगम मंडल बनाने की बात कही गई है।
दरअसल मध्य प्रदेश में 12 चरणों की नीलामी के बाद भी 489 शराब दुकानें नहीं बिक पाई थीं । अब इन दुकानों को निगम मंडल चलाएगा। पहले साल में निगम मंडल 489 दुकानों का संचालन करेगा। आने वाले वर्षों में इन दुकानों की संख्या बढ़ या घट भी सकती है।
नया निगम मंडल आबकारी विभाग के अधीन होकर काम करेगा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नया गठित होने वाला निगम मंडल आबकारी विभाग के अधीन ही काम करेगा। शराब दुकानों के संचालन के लिए अलग से नीति बनेगी और संचालन से लेकर क्रियान्वयन को लेकर गाइडलाइन बनेगी।
प्रदेश में है 40 से अधिक निगम मंडल,कइयों की हालत दयनीय
वहीं प्रदेश में 40 से अधिक निगम मंडल है, इनमें अध्यक्ष नहीं है और विभागीय मंत्रियों के पास ही इनके प्रभार है। ऐसे कई निगम मंडलों को बंद किया जा चुका है। कइयों की हालत दयनीय है। गौरतलब है कि प्रदेश में पूर्व में कई निगम-मंडलों को बंद किया जा चुका है। मौजूदा समय में बहुत से निगम-मंडलों की बेहद खराब हालत है। लिहाजा अब नया निगम मंडल किस तरह से आकार लेगा और कहां तक कामयाब होगा आने वाला समय बताएगा।

