MP सरकार में मंत्री ने खास अंदाज में प्रियंका गांधी को दी जन्मदिन की बधाई, विज्ञापन में लिखा- इंदिरा इज बैक

1/12/2020 6:19:32 PM

भोपाल: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का आज जन्मदिन है। इस खास दिन को वह यूपी के अमेठी जिले में मनाएंगी। इस मौके पर वह वरिष्ठ कांग्रेसियों को सम्मानित करेंगी और कई अन्य कार्यक्रमों में हिंसा लेंगी। वही देशभर में कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा प्रियंका का अलग अलग ढंग जन्मदिन सेलेब्रेट किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में भी प्रियंका के जन्मदिन पर बधाई का सिलसिला भी जारी है। हर कोई केक काटकर तो कोई पटाखे जलाकर प्रियंका का जन्मदिन मना रहा है। इन सबके बीच कमलनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के प्रियंका को अलग अंदाज में जन्मदिन की बधाई देने की चर्चा जोरों पर है।

प्रदेश के लोकनिर्माण एवं पर्यावरण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने एक अखबार में विज्ञापन के जरिए प्रियंका गांधी को बधाई संदेश दिया है। इसमें उन्होंने प्रियंका को इंदिरा गांधी के प्रतिरुप बताया है। खास बात ये है कि उन्होंने इस विज्ञापन में प्रियंका की फोटो के साथ इंदिरा गांधी की तस्वीर लगाई है और लिखा है 'इंदिरा इज बैक।' उन्होंने इस संदेश के जरिए दिखाया है कि प्रियंका गांधी इंदिरा गांधी का ही प्रतिरूप हैं। साथ ही विज्ञापन के ऊपर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भी तस्वीरें लगाई हैं। सज्‍जन सिंह वर्मा ने साथ में लिखा है, वहीं दूरदर्शिता..वहीं निष्ठा..वहीं इच्छाशक्ति..सभी धर्मों और समाज को एक साथ विकास की दिशा में लाने का जज्बा।

इतना ही नही फोटो के नीचे जन्मदिन की बधाई देते हुए वर्मा ने प्रियंका के भाषण की चंद लाइनें भी लिखी हैं, 'मैं वचन देती हूं... मैं प्रियंका..भाषण नहीं देती हूं, आपसे दो शब्द कहती हूं जो मेरे दिल में है। डरपोक लोग एक दिन धरती पर तो कब्जा कर सकते हैं, लेकिन वो लोगों के दिलों पर कभी राज नहीं कर सकते। यह देश सद्भावना, देशप्रेम और आपसी प्यार के आधार पर बना है, लेकिन आज जो कुछ देश में हो रहा है उससे दुख होता है। मैं इस देश को कभी बंटने नहीं दूंगी, देश की एकता को नहीं टूटने दूंगी। मैं वचन देती हूं।'

इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भी कई लोग प्रियंका में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं। प्रियंका जब भी किसी राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होती है, उनकी तुलना दादी यानी इंदिरा गांधी से जरूर होती है। प्रियंका अपनी दादी इंदिरा की तरह सूती साड़ी पहनना पसंद करती हैं। उनका साड़ी पहनने का सलीका, बात करने का अंदाज और चेहरा-मोहरा इंदिरा गांधी से काफी हद तक मिलता है। कई लोगों को हेयर स्टाइल की वजह से प्रियंका अपनी दादी की तरह नजर आती हैं।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh