MP के लोग दिल्ली जाने से पहले जरूर करवाएं कोरोना टेस्ट, नहीं तो बुरे फंसोगे!

2/25/2021 6:33:42 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश भी उन पांच राज्यों में शामिल है, जहां के लोगों को दिल्ली में एंट्री से पहले अपनी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव बतानी होगी। बिना रिपोर्ट के लोगों को क्वारंटाइन कर दिया जाएगा।

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर राज्य सरकारें अलर्ट पर हैं। दिल्ली सरकार ने पांच राज्यों के लोगों की एंट्री पर कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट बताना अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत MP के लोगों की शुक्रवार रात से दिल्ली में बिना कोरोना रिपोर्ट के मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि अभी इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली में पांच राज्यों के लोगों को एंट्री से पहले कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। ये रिपोर्ट 72 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन से दिल्ली में प्रवेश मिलेगा।

MP समेत ये पांच राज्य शामिल

इनमें मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़ और पंजाब शामिल हैं। इन राज्यों से आने वाले लोगों को अब अब आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाने की बात कही जा रही है। आदेश 26 फरवरी शुक्रवार आधी रात से लागू होने की बात कही जा रही है। ये आदेश 15 मार्च दोपहर 12 बजे तक लागू रह सकते हैं। निगेटिव रिपोर्ट नहीं होने पर यात्रियों को क्वारंटाइन किया जा सकता है।

एसओपी बनाने में पेश आ रही दिक्कतें

जानकारों के अनुसार पांच राज्यों के लोगों को एंट्री रोकने को लेकर आदेश जारी करने में देरी होने का कारण एसओपी बनाने में हो रही देरी को बताया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि एयरपोर्ट और रेलवे के लिए तो यात्रियों की जांच और क्वारंटाइन करने के लिए केन्द्र सरकार की एसओपी है। बस से आने वाले यात्रियों की जांच कैसे होगी, इसको लेकर आदेश जारी करने में दिक्कत हो रही है। हालांकि मामले में जल्द आदेश जारी होने की बात कही जा रही है।

shahil sharma

This news is Content Writer shahil sharma