Punjab Kesari MP ads

MP Police में बंपर भर्ती! 7500 कांस्टेबल, 1000 ड्राइवर और SI-सूबेदार के पदों पर मौका, जानें पूरा अपडेट

Monday, Aug 31, 2026-01:47 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुलिस विभाग से बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय ने भर्ती प्रक्रिया को गति देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) की ओर से कर्मचारी चयन मंडल (ESB) को भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव में कांस्टेबल, ड्राइवर, सब इंस्पेक्टर और सूबेदार सहित अलग-अलग पदों को शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि भर्ती से जुड़ा आधिकारिक विज्ञापन सितंबर 2026 में जारी हो सकता है।

कांस्टेबल के सबसे ज्यादा पद

पुलिस भर्ती में सबसे बड़ा हिस्सा आरक्षक यानी कांस्टेबल के पदों का रहने वाला है। शासन स्तर पर 7500 कांस्टेबल पदों को मंजूरी दी जा चुकी है। इसके अलावा पुलिस विभाग में ड्राइवर के पदों पर भी सीधी भर्ती की तैयारी है। गृह विभाग ने आरक्षक (ड्राइवर) के 1000 पदों के लिए भी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यानी कांस्टेबल और ड्राइवर के पदों को मिलाकर ही 8500 पदों पर युवाओं के लिए अवसर तैयार हो रहे हैं।

SI और सूबेदार के पद भी शामिल

पुलिस विभाग में केवल कांस्टेबल स्तर पर ही भर्ती नहीं होगी। अधिकारी स्तर के कई महत्वपूर्ण पदों को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है। स्वीकृत पदों में अराजपत्रित सूबेदार के 81 पद और उपनिरीक्षक के अलग-अलग वर्गों के पद शामिल हैं। उपनिरीक्षक के पदों में जिला पुलिस बल के 312, विसबल के 69, क्यूडी के 4, अंगुल चिन्ह के 22, आयुध के 10 और फोटो के 9 पद शामिल बताए गए हैं। इस श्रेणी में कुल 507 पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

पुलिस विभाग में हजारों नियुक्तियों का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरने की बात कह चुके हैं। सरकार का लक्ष्य पुलिस बल को पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराना और कानून-व्यवस्था की व्यवस्था को और मजबूत करना है।

सरकार की ओर से पुलिस विभाग में कुल 18 हजार पदों पर भर्ती किए जाने की घोषणा भी की जा चुकी है। इनमें से कई पदों की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है, जबकि अन्य पदों पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

सितंबर में आ सकता है भर्ती का विज्ञापन

अब सबसे ज्यादा नजर कर्मचारी चयन मंडल की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन पर है। प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितंबर में भर्ती का विज्ञापन जारी होने की संभावना है। हालांकि, उम्मीदवारों को सलाह है कि वे आवेदन की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड, परीक्षा पैटर्न और अन्य नियमों की जानकारी केवल आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही अंतिम रूप से मानें।

फिलहाल पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए यह अपडेट महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि प्रस्ताव के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर खुल सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma