मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न दिलाने के लिए तिरंगा यात्रा पर निकला MP का जवान, PM मोदी से करेंगे मन की

12/16/2019 5:30:48 PM

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त व हॉकी खिलाड़ी तारक पारकर खरगोन से नई दिल्ली के लिए पैदल तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुए हैं। 65 वर्षीय तारक पारकर की इस यात्रा का उद्देश्य हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न दिलाने के लिए पीएम मोदी से दिल की बात करना है। इसके लिए वे खरगोन से नई दिल्ली तक करीब 1150 किलोमीटर पैदल तिरंगा यात्रा करेंगे।




तारक को शहर के डीआरपी लाइन से खरगोन एसपी सुनील पाण्डे ने शुभकामना देकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पूर्व भी खेल से जुड़े पारकर भारत सरकार से इसी मांग को लेकर तीन बार नई दिल्ली तक पैदल यात्रा कर चुके हैं। शहर में जगह -जगह नागरिकों ने फूल मालाओं से तारक का स्वागत कर सफल यात्रा की शुभकामनाएं दी।



तारक ने बताया कि हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने भारत को तीन गोल्ड मेडल दिलाये है और उन्हें अभी भारत रत्न नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी मन की बात करने जा रहा हूं और देश को नशामुक्त करने की भी मांग करुंगा। क्योकि आज नई पीढ़ी नशे में कई अपराध कर रही है। उन्होंने कहा कि युवकों को खेल के प्रति जागरूक करने के लिए भी पैदल यात्रा पर निकला हूं।


वहीं एसपी सुनील पाण्डे ने कहा कि वे नशामुक्ति और खेल को बढ़ावा देने के लिए हमेशा प्रयासरत रहते है। तारक ने पहले भी पैदल यात्रा की है इस बार इनका मुख्य उद्देश्य है मेजर ध्यानचंद जी को भारत रत्न मिले और दूसरा नशा मुक्ति का प्रचार करना है। आज युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में है। अगर वह नशे से मुक्त होगी तो निश्चित रूप से खेलों की तरफ ध्यान देंगी। जिससे हमारा देश, हमारा समाज स्वस्थ होगा और खेलों की दुनिया मे पूरे विश्व मे फिर से अपना नाम उंचाईया छूने में सफल होगा।

 

meena

This news is Edited By meena